हमीरपुर : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 27 अक्तूबर को जिला हमीरपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान मेडिकल कॉलेज के अकादमिक ब्लॉक सहित कई परियोजनाओं के उदघाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 27 अक्तूबर की सुबह कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन के बाद दोपहर को हमीरपुर के निकट जसकोट की हैलीपोर्ट पर पहुंचेंगे और तुरंत जोल सप्पड़ रवाना होंगे।
जोल सप्पड़ में वह डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज (आरकेजीएमसी) के अकादमिक ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे तथा कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे।
इसके बाद वह रकड़ियाल में हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की कॉलोनी का उद्घाटन करेंगे और कुछ देर के लिए सर्किट हाउस में रुकेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में स्ट्रीट फूड पार्क और गांव तरोपका में बाल देखभाल संस्थान की आधारशिला भी रखेंगे। शाम को वह शिमला लौट जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन, मेडिकल कालेज और अन्य संबंधित विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जोल सप्पड़ स्थित मेडिकल कॉलेज के नए परिसर का दौरा करके मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी जारी किए हैं।

