Home Himachal Hamirpur टीबी मुक्त हमीरपुर के लिए डीसी ने किया 100 दिवसीय अभियान का...

टीबी मुक्त हमीरपुर के लिए डीसी ने किया 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ, 1.70 लाख लोगों की होगी जांच

उपायुक्त ने कहा कि जिला हमीरपुर को टीबी मुक्त बनाने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है और अगर इसका समय पर पता लग जाए तो मरीज बहुत जल्दी ठीक हो जाता है।

0

हमीरपुर : उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य पर टीबी मुक्त अभियान के तहत 100 दिवसीय स्क्रीनिंग अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले की कुल 5.15 लाख की अनुमानित आबादी में से 432 गांवों के करीब 1.70 लाख लोगों की प्रारंभिक जांच करेंगी। इन लोगों में 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग, हाइपरटेंशन, बीपी-शुगर और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोग शामिल हैं, जिन्हें टीबी के रोग की चपेट में आने की ज्यादा आशंका रहती है।

उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही टीमों का गठन कर लिया है। इन्हें प्रशिक्षित भी किया जा चुका है। इन टीमों में आशा वर्कर्स, सीएचओ, अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य अधिकारी भी शामिल होंगे। गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि फील्ड में मौके पर ही लोगों के एक्सरे के लिए तीन पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीनों का प्रयोग किया जाएगा और स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों के लोगों के एक्सरे स्वास्थ्य केंद्रों पर भी लिए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  मध्यप्रदेश की धरती पर गूंजा गिरिपार का लोक रंग, मड़ई उत्सव में छाया हाटी संस्कृति का जादू

उपायुक्त ने कहा कि जिला हमीरपुर को टीबी मुक्त बनाने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है और अगर इसका समय पर पता लग जाए तो मरीज बहुत जल्दी ठीक हो जाता है। इसलिए सभी लोग स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और टीबी की आशंका होने पर अपनी जांच अवश्य करवाएं।

जांच में अगर टीबी की पुष्टि होती है तो घबराएं नहीं, क्योंकि इसका पूरी तरह इलाज संभव है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाई खाएं और दवाई की कोई भी खुराक न छोड़ें। डॉक्टर द्वारा बताई गई समय अवधि तक पूरी दवाई खाएं। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  बारिश और बर्फबारी के दृष्टिगत सभी स्तरों पर समुचित प्रबंध: DC मनमोहन शर्मा