HomeHimachalHamirpur3 दिन बाद ब्यास नदी से मिला प्रवासी युवक का शव, साथियों...

3 दिन बाद ब्यास नदी से मिला प्रवासी युवक का शव, साथियों ने छिपाई डूबने की घटना

युवक तीन दिन पहले शनिवार को अपने साथियों के साथ डोली क्षेत्र में ब्यास नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहकर डूब गया।

सुजानपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की दाड़ला पंचायत के भलेठ क्षेत्र में भलेठ और सीहोरबल्ला गांवों को जोड़ने वाले ब्यास पुल के नीचे मंगलवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी के बीच शव फंसा देखा तो इसकी सूचना तुरंत सुजानपुर पुलिस थाना को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे पहुंचाया। जांच के दौरान मृतक की पहचान सुजानपुर के डोली क्षेत्र में तूड़ी की दुकान में कार्य करने वाले 26 वर्षीय प्रवासी युवक के रूप में हुई।

ये भी पढ़ें:  ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, बद्दी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 380 वाहनों के काटे चालान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक तीन दिन पहले शनिवार को अपने साथियों के साथ डोली क्षेत्र में ब्यास नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहकर डूब गया। बताया जा रहा है कि साथी काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर वहां से चले गए।

घटना की जांच में ये बात सामने आई कि युवक के साथ मौजूद साथियों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही प्रशासन को घटना की जानकारी दी। यदि समय रहते पुलिस को सूचना दी जाती तो संभवतः युवक की तलाश पहले शुरू हो सकती थी।

ये भी पढ़ें:  हमीरपुर मेडिकल कॉलेज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन: CM

उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। उसके साथियों से भी पूछताछ की जा रही है।

 

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More