नाहन/नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के प्रगतिशील किसानों और हाटी समुदाय की वर्षों की मेहनत आखिरकार रंग लाई है। जिले के हाटी किसान संघ को पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA), भारत सरकार का प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड’ मिलने से न केवल सिरमौर, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
हाटी किसान संघ को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किए जाने के संबंध में प्राधिकरण की ओर से आधिकारिक निमंत्रण पत्र कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर के माध्यम से जारी किया गया था। संघ के प्रतिनिधियों को 12 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित विशेष पुरस्कार समारोह में आमंत्रित किया गया, जहां हाटी किसान समुदाय को पारंपरिक कृषि विरासत, स्थानीय बीज किस्मों और पादप आनुवंशिक संसाधनों के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्राधिकरण के रजिस्ट्रार दिपाल रॉय चौधरी के अनुसार, पुरस्कार समारोह के साथ आयोजित प्रदर्शनी में हाटी किसान संघ को विशेष स्टॉल भी आवंटित किया गया। इसमें किसानों को अपनी संरक्षित पारंपरिक बीज किस्मों, कृषि उत्पादों और उनसे संबंधित सामग्री का प्रदर्शन करना था और इसके लिए संघ के प्रतिनिधियों को आवश्यक बीज एवं अन्य सामग्री साथ लाने के निर्देश दिए गए थे।
बता दें कि सिरमौर का हाटी समुदाय लंबे समय से अपनी पारंपरिक कृषि पद्धतियों, स्थानीय बीजों और विशिष्ट फसलों के संरक्षण के लिए प्रयासरत रहा है।
नई पादप किस्मों के विकास के लिए पादप आनुवंशिक संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने में किसानों तथा किसान समुदायों द्वारा दिए गए योगदान को मान्यता प्रदान करने के लिए प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड समारोह का आयोजन गुरूवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिसर, नई दिल्ली परिसर में किया गया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे और चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस समारोह में पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसान एवं किसान समुदाय, भारत सरकार के अधिकारीगण, विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिक, राज्य एवं केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्रों के अधिकारी तथा संबंधित हितधारकों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले इस अवार्ड के लिए पूरे देश से केवल पांच समुदायों का चयन किया जाता है, जिसके अंतर्गत 10 लाख की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न दिया जाता है।
कृषि विज्ञान केंद्र-सिरमौर के प्रभारी वैज्ञानिक और पर्वतीय कृषि अनुसंधान एवं प्रसार केंद्र धौलाकुआं के सह-निदेशक डॉ. पंकज मित्तल ने बताया कि यह पुरस्कार पिछले कई वर्षों से निरंतर किए जा रहे प्रयासों का सुखद परिणाम है, जिसमें कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के वैज्ञानिकों डॉ. देशराज चौधरी, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. निमित्त और डॉ. सौरव शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
डॉ. मित्तल ने बताया कि सौंठ का पंजीकरण प्रमाण पत्र अगस्त, 2025 में ही मिल गया था, जिसके उपरांत पिछले वर्ष अक्टूबर में इस राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिए कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के माध्यम से आवेदन किया गया था। इस अवार्ड के चयन से पहले पिछले महीने ही नई दिल्ली से आई एक उच्चस्तरीय कमेटी ने जिला सिरमौर का दौरा किया और राष्ट्रीय मानकों के अनुसार जांच करने के बाद ही यह पुरस्कार जिला सिरमौर की झोली में डालने के लिए अंतिम निर्णय लिया।
प्रधान वैज्ञानिक ने बताया कि अब जल्द ही सौंठ के लिए जी.आई. टैग प्राप्त करने के साथ-साथ जिला सिरमौर के दूरदराज क्षेत्रों के किसानों द्वारा संरक्षित की जा रही स्थानीय बीज एवं पौधा किस्मों को भारत सरकार के पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण के माध्यम से व्यक्तिगत किसानों के नाम से पंजीकृत करवाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
भारत सरकार इसके लिए चयनित किसानों को डेढ़ लाख रुपए प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिवॉर्ड और एक लाख रुपये प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिकग्निशन अवार्ड व्यक्तिगत प्रोत्साहन राशि के तौर पर पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण के माध्यम से प्रदान करती है।




