नाहन : प्राकृतिक आपदाओं और सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच हिमाचल प्रदेश ने आम नागरिकों तक बुनियादी सुविधाएं और आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के मामले में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।
एक्सेस इक्विटी इंडेक्स-2026 में प्रदेश के प्रदर्शन को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम बताया है।
नाहन में जारी बयान में रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर न्यू इकोनॉमिक्स स्टडीज की ओर से जारी रिपोर्ट में 23 श्रेणियों के 60 संकेतकों के आधार पर राज्यों का आकलन किया गया है। इसमें हिमाचल ने 0.06 अंकों का सकारात्मक अंतर दर्ज किया। आंध्र प्रदेश 0.15 अंकों के साथ पहले और केरल 0.07 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश को एक ओर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा है, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार से मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) वित्त वर्ष 2026-27 से बंद हो गया है। इससे प्रदेश की आर्थिक चुनौतियां और बढ़ी हैं।
रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सुक्खू सरकार ने विकास कार्यों की रफ्तार बनाए रखी है। गरीबों, किसानों, मजदूरों और दुग्ध उत्पादकों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार की प्राथमिकता उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल और प्रदेशवासियों को बधाई दी। साथ ही विश्वास जताया कि हिमाचल आने वाले समय में भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।




