HomeEducationबच्चों को संवैधानिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा देगी हिमाचल "सरकार", CM ने...

बच्चों को संवैधानिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा देगी हिमाचल “सरकार”, CM ने दिए ये निर्देश

शिमला: शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों से संबंधित सामग्री का समावेश किया जाएगा. प्रदेश सरकार छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणात्मक शिक्षा के साथ-साथ कर्त्तव्यों और दायित्वों के बारे में उन्हें शिक्षित करने को विशेष अधिमान दे रही है.
सुक्खू ने कहा कि राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 6-6 स्कूलों को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा. इनमें पर्याप्त स्टाफ, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने अधिकारियों को इन स्कूलों को स्थापित करने के लिए सभी औपचारिकताएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने इनके प्रशासनिक नियंत्रण के लिए भी मापदंड तैयार करने को कहा. उन्होंने कहा कि इन सभी स्कूलों के माध्यम से एक सशक्त आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों के लिए वर्ष भर की गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक दिन की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों का विवरण होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय के साथ शिक्षा विभाग में व्यापक स्तर पर युक्तिकरण की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है. इसके तहत आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ अध्यापकों की तैनाती से संबंधित सकारात्मक व नवोन्मेषी उपाय किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्कूल के मुख्याध्यापक व प्रधानाचार्य को छुट्टी पर जाने वाले अध्यापकों की सूचना नियमित रूप से उप-निदेशक कार्यालय को प्रेषित करनी होगी. इससे स्कूलों में अध्यापकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
सुक्खू ने गेस्ट टीचर नीति पर चर्चा करते हुए कहा कि इस नीति से पठन-पाठन की प्रक्रिया में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी. शैक्षणिक संस्थान के नियमित अध्यापक के छुट्टी पर जाने की स्थिति में योग्य अध्यापकों की सेवाएं ली जाएंगी. इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महाविद्यालयों में भी युक्तिकरण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. महाविद्यालयों में नए विषयों के समावेश के साथ-साथ उनका युक्तिकरण भी किया जा रहा है.
बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा आशीष कोहली, निदेशक उच्च शिक्षा अमरजीत सिंह और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें:  विदेशों में रोजगार के लिए युवाओं को सिखाई जाएंगी विदेशी भाषाएं, CM सुक्खू ने दिए पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More