HomeHimachalहिमाचल प्रदेश 31 मार्च, 2026 तक होगा हरित ऊर्जा राज्य के रूप...

हिमाचल प्रदेश 31 मार्च, 2026 तक होगा हरित ऊर्जा राज्य के रूप में स्थापितः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश ग्रीन हाईड्रोजन का देश का पहला प्लांट नालागढ़ में स्थापित करने जा रही है. ये सभी परियोजनाएं प्रदेश में समृद्धि लाएंगी. राज्य सरकार पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है.

शिमला|
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विधायक प्राथमिकता बैठकों के दूसरे दिन के दूसरे एवं अंतिम सत्र में हमीरपुर, ऊना और सिरमौर जिला के विधायकों के साथ उनकी प्राथमिकताओं पर चर्चा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारने में विधायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है और उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए उनसे सुझाव आमंत्रित किए.

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा प्रदेश को 31 मार्च 2026 तक देश का हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि ऊना जिले में 32 मेगावाट की पेखूबेला सौर ऊर्जा परियोजना 15 अप्रैल, 2024 को जनता को समर्पित की गई थी. इसके अतिरिक्त ऊना जिले के भंजाल में 5 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना 30 नवंबर, 2024 से शुरू की गई, जबकि 10 मेगावाट की अघलौर सौर ऊर्जा परियोजना का निर्माण शीघ्र ही पूर्ण हो जाएगा. इसके साथ ही हाईड्रोपावर के दोहन पर भी कार्य चल रहा है.

ये भी पढ़ें:  त्रिलोकपुर मेले में मां बाला सुंदरी के दर पर 15 दिन में 5.50 लाख श्रद्धालुओं ने नवाया शीश, करोड़ों का चढ़ावा, दो दिन और बढ़े

उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश ग्रीन हाईड्रोजन का देश का पहला प्लांट नालागढ़ में स्थापित करने जा रही है. ये सभी परियोजनाएं प्रदेश में समृद्धि लाएंगी. राज्य सरकार पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है और प्रदेश के चार मंदिरों ज्वालामुखी, नैना देवी, चिंतपूर्णी और बाबा बालकनाथ मंदिर का प्रथम चरण में सौंदर्यीकरण किया जा रहा है. इसके बाद प्रदेश के अन्य मंदिरों का सौंदर्यीकरण पर काम शुरू किया जाएगा.

नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने नाहन चिकित्सा महाविद्यालय को अन्य भूमि पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया. उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ नाहन बाई-पास के निर्माण व नाहन शहर में पार्किंग की व्यवस्था के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाने की मांग की. उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों को घर बनाने के लिए भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया. उन्होंने कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क को पूरा करने के लिए धन उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई.

बैठक में ऊना जिला के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने चिंतपूर्णी मंदिर के सौंदर्यीकरण करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे राज्य की आय में भी बढ़ोतरी होगी. इसके अतिरिक्त उन्होंने पौंग डैम से जिला ऊना के लिए पानी की आपूर्ति करने के लिए योजना बनाने और क्षेत्र में चैक डैम बनाकर पानी की आपूर्ति करने की मांग की.

ये भी पढ़ें:  जनगणना- 2027 भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी: दीप शिखा शर्मा

वहीं, गगरेट के विधायक राकेश कालिया, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, हमीरपुर जिला के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा और विधानसभा उपाध्यक्ष एवं रेणुकाजी के विधायक विनय कुमार ने अपने अपने विस क्षेत्रों संबंधी कई मांगें रखीं.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More