होमHimachalखबर का असर: पांवटा साहिब-कालाअंब NH-07 की शुरू हुई मेंटेनेंस, खस्ताहालत...

खबर का असर: पांवटा साहिब-कालाअंब NH-07 की शुरू हुई मेंटेनेंस, खस्ताहालत दूर करने सड़क पर उतरी मशीनरी

पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 की खस्ताहालत से परेशान वाहन चालकों और यात्रियों के लिए राहत की खबर है।

नाहन : पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 की खस्ताहालत से परेशान वाहन चालकों और यात्रियों के लिए राहत की खबर है। एनएचएआई (NHAI) ने इस सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को दोसड़का से कालाअंब तक गड्ढों को भरने के लिए मशीनरी सड़क पर उतार दी गई है।

बता दें कि इस बरसात के बाद करीब 60 किलोमीटर लंबे इस नेशनल हाईवे की हालत बेहद नाजुक हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण सफर करना मुश्किल हो गया है। इससे न केवल वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि चालकों समेत यात्रियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को नाहन से मोगीनंद तक सफर के बीच उठानी पड़ रही है।

इस नेशनल हाईवे की हालत इन दिनों जिले के किसी लिंक रोड से भी बदतर बनी हुई है। इसे लेकर आपकी बात न्यूज नेटवर्क ने 19 अक्टूबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। लिहाजा, सड़क की दशा सुधारने के लिए एनएचएआई ने मंगलवार को मशीनरी मौके पर भेजी और मेंटेनेंस का कार्य शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें:  भाजपा विधायक दल ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, विधायक क्षेत्र विकास निधि और ऐच्छिक निधि रोकने पर जताया विरोध

इस मार्ग से देहरादून, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए रोजाना हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों को बार-बार गति कम करनी पड़ती थी और कई जगह गड्ढों से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाने या वाहन की दिशा बदलने की नौबत आती थी।

इससे न केवल सफर में परेशानी हो रही, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहनों के लिए भी जोखिम पैदा हो रहा था। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी मुश्किल बनी हुई है, क्योंकि गड्ढों के बीच संतुलन बनाए रखना चुनौती बन रहा है। वहीं, वाहनों के टायर, सस्पेंशन और अन्य पुर्जों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बन रही थी। कई वाहनों को काफी नुकसान भी पहुंचा है।

इस सड़क की खस्ताहालत का असर रोजाना मरीजों के सफर पर भी पड़ रहा है। नाहन मेडिकल कॉलेज और सिरमौर के अन्य अस्पतालों से चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किए जाने वाले मरीजों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। ऐसे में खराब सड़क के कारण सफर अधिक कष्टदायक हो रहा था। रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को भी गड्ढों के कारण असुविधा झेलनी पड़ रही है।

ये भी पढ़ें:  वामन द्वादशी मेला खत्म! फिर दुकानदारों से ‘दान’ के नाम पर वसूली क्यों? पर्चियां सामने आने के बाद उठे बड़े सवाल

फिलहाल, एनएचएआई ने नाहन के समीप दोसड़का से कालाअंब की तरफ सड़क सुधारने का काम शुरू किया है। इस हिस्से में जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां पैचवर्क किया जा रहा है। इसके बाद पांवटा साहिब के बाता पुल तक सड़क की मरम्मत की जाएगी।

लोगों को उम्मीद है कि दोनों हिस्सों में काम पूरा होने के बाद हाईवे पर आवाजाही पहले से सुगम होगी और गड्ढों के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

एनएचएआई शिमला के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद दहिया ने बताया कि सड़क की मेंटेनेंस का काम शुरू हो चुका है। अभी दोसड़का से कालाअंब तक सड़क सुधारी जा रही है। इसके बाद पांवटा साहिब की ओर सड़क पर पैचवर्क किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  हजारों साल की विरासत कहीं गुम न हो जाए! कुल्लू-लाहौल में छिपी पांडुलिपियों की खोज शुरू

बता दें कि 60 किलोमीटर के इस हिस्से में फोरलेन का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इस नेशनल हाईवे पर हरियाणा के हिस्से में कालाअंब तक फोरलेन बनकर तैयार हो चुका है। इसके साथ साथ उत्तराखंड के हिस्से में भी पांवटा साहिब तक फोरलेन बन चुका है। अब हिमाचल के इस हिस्से में ही फोरलेन का निर्माण होना है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More