HomeHimachalदेवताओं का नजराना 5 प्रतिशत बढ़ा, सीएम सुक्खू बोले- मंडी शिवधाम के...

देवताओं का नजराना 5 प्रतिशत बढ़ा, सीएम सुक्खू बोले- मंडी शिवधाम के लिए 100 करोड़ देगी सरकार

मंडी : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में एक सप्ताह तक चलने वाले विश्व विख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी-2025 का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया.

हल्की बारिश के बीच पारंपरिक ‘शाही जलेब’ शोभा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के मुख्य देवता श्री राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की. मंदिर से शुरू होकर पड्डल मैदान में संपन्न हुई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु पारंपरिक परिधान पहने अपने स्थानीय देवताओं के साथ नृत्य करते हुए आगे बढ़े. पूरे क्षेत्र से 200 से अधिक देवी-देवताओं ने इस जीवंत कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जिससे इसकी आध्यात्मिक भव्यता और बढ़ गई.

ये भी पढ़ें:  4 व 5 जून को सिरमौर प्रवास पर रहेंगी मुख्य निर्वाचन अधिकारी

मुख्यमंत्री ने सदियों पुरानी परंपरा के अनुरूप पगड़ी समारोह में भाग लिया. इसके बाद उन्होंने पड्डल मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और इसमें गहरी रुचि दिखाई. इस अवसर पर उन्होंने मेला समिति द्वारा प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले की स्मारिका और कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया.

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से सूखे के बाद आखिरकार क्षेत्र में बारिश हुई है. उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने किसानों की प्रार्थना सुनी और उनकी मनोकामना पूर्ण हुई है. उन्होंने मंडी शिव धाम परियोजना को पूरा करने के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित करने की घोषणा की और दो वर्ष के भीतर इसे पूर्ण करने का आश्वासन दिया.

ये भी पढ़ें:  दीपकमल चक्कर में भाजपा ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस, राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भव्य शिव धाम दूर-दूर से पर्यटकों को आकर्षित करेगा. उन्होंने देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की.
उन्होंने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और वर्ष 2032 तक यह देश के सबसे समृद्ध राज्यों में से एक होगा.

उन्होंने कहा कि मंडी जिला से संबंध रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से इस क्षेत्र के विकास की काफी उम्मीद थी. शिव धाम को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन इसका काम अधूरा ही रहा. वर्तमान सरकार ने इस परियोजना को पूरा होने के लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित करने का निर्णय लिया है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More