मंडी : जिला मंडी में डडौर-सयोली सड़क मार्ग 15 जून से 25 जून 2026 तक यातायात के लिए बंद रहेगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह फैसला सड़क पर पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार लोक निर्माण विभाग के चक्कर उपमंडल द्वारा डडौर-सयोली सड़क पर पेवर ब्लॉक का निर्माण कार्य किया जाएगा। कार्य की तात्कालिकता और सड़क से गुजरने वाले लोगों एवं वाहनों की सुरक्षा को देखते हुए मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत सड़क को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। इस अवधि में यातायात पुराने शिमला-मंडी मार्ग के साई चौक से लस्सी का पधर खंड होकर संचालित किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
