मंडी : मंडी-मनाली नेशनल हाईवे पर डयोड के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से मंडी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब सात बजे के करीब पेश आया। उधर, पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की एक कार कैंची मोड़ की ओर से फोरलेन पर गलत दिशा में आती हुई डयोड के पास पहुंची। इसी दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एक टैक्सी कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यूपी नंबर की कार के फोरलेन पर गलत दिशा से आने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने हादसे को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
