शिमला : हिमाचल प्रदेश भाजपा ने बुधवार को राजधानी शिमला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा धरना प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया, जबकि अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। धरना-प्रदर्शन में प्रदेशभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समर्थकों ने भाग लिया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करने के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण रैली के रूप में शिमला के शेर-ए-पंजाब तक पहुंचे और वहां से मुख्यमंत्री आवास ओकओवर का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस सरकार, मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के खिलाफ भ्रष्टाचार, प्रतिशोध की राजनीति, जनविरोधी नीतियों तथा लोकतंत्र की हत्या को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई। सैकड़ों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और कांग्रेस सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों को रोकने, विपक्षी नेताओं पर झूठे मामले दर्ज कराने और प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल करने में लगी है। उन्होंने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में मिली हार से सरकार बौखला गई है और अब राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई कर रही है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा के 21 अगस्त से शुरू होने वाले सत्र में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और यदि सरकार ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली तो जनआंदोलन और तेज किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए हाल की आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया और कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि वे राजनीतिक दबाव में काम करेंगे तो भविष्य में उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, विधायक आशीष शर्मा, होशियार सिंह, राजेंद्र राणा सहित भाजपा के अनेक नेताओं और उनके परिवारों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया गया है। अब जिला परिषद सदस्यों, पार्षदों और भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधियों तक को निशाना बनाया जा रहा है। यह लोकतंत्र के इतिहास का अभूतपूर्व उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी खतरे में है। यदि कोई पत्रकार सरकार के खिलाफ खबर प्रकाशित करता है या कोई नागरिक सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आज का आंदोलन केवल शुरुआत है। अब हर महीने प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर पर कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ धरने और प्रदर्शन किए जाएंगे।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चुनावी वादे पूरे नहीं किए। महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह, युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों से जुड़े वादों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि जनता हर वर्ग में खुद को ठगा महसूस कर रही है।
उन्होंने बिजली, डीजल और सीमेंट की बढ़ती कीमतों सहित अन्य मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब प्रत्येक बूथ, प्रत्येक पंचायत, प्रत्येक मंडल और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रदेश से इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से बाहर नहीं कर दिया जाता।
