शिमला/चंबा : पठानकोट-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनीखेत के समीप लाहड़ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए जिला प्रशासन को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, भारी बारिश से चंबा शहर के सुल्तानपुर क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ की स्थिति का भी मुख्यमंत्री ने जायजा लिया और राहत कार्य तेज करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि दुर्घटना प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता तुरंत उपलब्ध करवाई जाए।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चंबा शहर के मोहल्ला सुल्तानपुर में भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ की स्थिति की भी जानकारी ली। इस घटना में 2 पक्के मकान, 26 आवासीय मकान और 1 दुकान क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी दिनों में भारी बारिश को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को नदी, नालों और मौसमी खड्डों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है, क्योंकि जलस्तर में अचानक वृद्धि से खतरा पैदा हो सकता है।
