होमHimachalShimlaकांग्रेस राज में क्राइम कैपिटल बनता जा रहा हिमाचल, हत्याओं समेत आपराधिक...

कांग्रेस राज में क्राइम कैपिटल बनता जा रहा हिमाचल, हत्याओं समेत आपराधिक घटनाओं से दहशत में जनता: डॉ. राजीव बिंदल

डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिन के भीतर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई आपराधिक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं।

शिमला : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश में हत्या, गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और शांतिप्रिय हिमाचल प्रदेश अपराधियों की गतिविधियों के कारण क्राइम कैपिटल बनता दिखाई दे रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिन के भीतर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई आपराधिक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। जिस प्रकार थार गाड़ी चढ़ाकर दो लोगों की निर्मम हत्या किए जाने की घटना सामने आई, वह अपराधियों की बढ़ती बेखौफ प्रवृत्ति का उदाहरण है।

ये भी पढ़ें:  एसआईयू की बड़ी कार्रवाई, नाहन में 15.6 ग्राम चिट्टे के साथ 3 गिरफ्तार

नालागढ़ में सरेआम गोलीबारी की घटनाओं ने भी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला सिरमौर में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने आम जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा कर दिया है। दो दिन पहले नाहन-कुमारहट्टी मार्ग पर एक महिला का शव मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।

इसके बाद शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार की हत्या की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के सिर पर गोली मारे जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

ये भी पढ़ें:  सड़कों और पुलों की बदहाली पर बरसे डॉ. बिंदल, बोले- गुलरिया ढांक का स्थायी समाधान करे सरकार, रूण नदी पर बनें पुल

डॉ. बिंदल ने कहा कि ये घटनाएं केवल कुछ दिनों की नहीं, बल्कि प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति की ओर संकेत करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंबा से सिरमौर और ऊना से किन्नौर तक अपराध की घटनाओं ने प्रदेश की शांतिपूर्ण पहचान को प्रभावित किया है। दलित युवक की हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के बाद भी अपराधों का सिलसिला थमता दिखाई नहीं दे रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के बढ़ते हौसले और कथित माफिया गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता है।

डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी गंभीर आपराधिक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।

ये भी पढ़ें:  रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, यहां दो दिन में 180 पदों पर होगी भर्ती

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को भयमुक्त वातावरण और सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More