राजगढ़ : जिला सिरमौर वॉलीबॉल फेडरेशन की ओर से बुधवार को राजगढ़ में अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए गए।
इन ट्रायल में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के बाद महिला वर्ग से 12 और पुरुष वर्ग से 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी जिला सिरमौर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए ऊना जिला के बंगाणा में 14 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
जिला सिरमौर वॉलीबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष पृथ्वी राज ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि फेडरेशन की ओर से खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि जिला के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना फेडरेशन का मुख्य उद्देश्य है।
पृथ्वी राज ठाकुर ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से वॉलीबॉल फेडरेशन से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उनके मार्गदर्शन और फेडरेशन के प्रयासों से 100 से अधिक खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए रोजगार के भी अच्छे अवसर उपलब्ध हैं। राष्ट्रीय स्तर पर तीन बार भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में भर्ती के दौरान खेल कोटे के तहत 3 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल सकता है।
उन्होंने युवा पीढ़ी से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि आज के समय में युवा नशे और मोबाइल के बढ़ते प्रभाव के कारण खेलों से दूर होते जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेलों में लगानी चाहिए, क्योंकि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि इनके माध्यम से भविष्य को भी बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर उन्होंने गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष सतीश ठाकुर का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में ट्रायल आयोजित करवाने के लिए सतीश ठाकुर का भरपूर सहयोग मिला है। उनका वॉलीबॉल खेल के प्रति विशेष लगाव है और वह हमेशा खिलाड़ियों तथा फेडरेशन को सहयोग प्रदान करते रहते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिला सिरमौर का नाम रोशन करेंगे।




