हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। ऊना और चंबा में 11 और 12 जून को आयोजित होने वाले कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से निजी क्षेत्र में कुल 180 पद भरे जाएंगे। इनमें बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटेलिटी लिमिटेड के 100 पद और सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड के 80 पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन, आवास, भोजन सहित अन्य सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
चंबा : जिला रोजगार कार्यालय बालू चंबा द्वारा युवाओं के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि तीसा और भरमौर में आयोजित होने वाले इन कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 80 पद भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके तहत 11 जून को उप रोजगार कार्यालय तीसा और 12 जून को पंचायत घर भरमौर में कैंपस इंटरव्यू आयोजित होंगे।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उम्मीदवार के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष रखी गई है। चयन के लिए न्यूनतम शारीरिक मानदंड के अनुसार अभ्यर्थी की ऊंचाई 165 सेंटीमीटर या उससे अधिक तथा वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें 19 हजार से 24 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के विभिन्न स्थानों पर की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक और पात्र पुरुष अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि व स्थान पर प्रातः 11 बजे उपस्थित हों।
बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटेलिटी लिमिटेड में भरे जाएंगे 100 पद
ऊना : हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटेलिटी लिमिटेड में 100 पद भरे जाएंगे। इसके लिए साक्षात्कार 11 जून को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय अंब में किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने दी।
उन्होंने इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 19,600 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन के साथ निःशुल्क भोजन, आवास, पीएफ, ईएसआई, इंसेंटिव तथा कंपनी की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। साथ ही, कार्यस्थल उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर रहेगा।
नौकरी के साथ उच्च शिक्षा का भी अवसर
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कार्य के साथ-साथ मेधावी यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा अथवा डिग्री करने का अवसर मिलेगा। यह प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होगा और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं अध्ययन सफलतापूर्वक पूरा करने पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा अथवा डिग्री प्रदान की जाएगी।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में भाग लेने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए 7009060387 पर संपर्क किया जा सकता है।
