होमHimachalसंविधान दिवस पर हिमाचल के जिला मुख्यालयों में हुए कार्यक्रम, अधिकारियों और...

संविधान दिवस पर हिमाचल के जिला मुख्यालयों में हुए कार्यक्रम, अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ ली शपथ

उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को अभिव्यक्त करती है।

चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को पूर्ण रूप से लागू हुआ।

उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को अभिव्यक्त करती है।

इसमें प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया है।

ये भी पढ़ें:  3 मोटरसाइकिलों पर हो रही थी खैर की लकड़ी की ढुलाई, पहुंच गई वन टीम, 2.91 लाख की लकड़ी बरामद, तस्कर फरार

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक दिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिन हमें अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बिलासपुर में भी ली शपथ
बिलासपुर : उपायुक्त किरण भड़ाना ने संविधान दिवस के अवसर पर बचत भवन में उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के पालन की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

शपथ के दौरान सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने, सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय दिलाने तथा विचार, अभिव्यक्ति और धर्म की स्वतंत्रता का सम्मान करने का संकल्प लिया।

साथ ही सभी नागरिकों के बीच भाईचारे, समानता और आपसी सम्मान की भावना बनाए रखने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिमला में डीसी अनुपम कश्यप ने दिलाई शपथ
उपायुक्त कार्यालय शिमला की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर बचत भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अनुपम कश्यप ने की।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई तथा भारतीय संविधान के महत्व, इसके मूल आदर्शों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
अनुपम कश्यप ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का अधिकार प्रदान करता है।
संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों और दायित्वों का निर्वहन संविधान की भावना के अनुरूप करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन व्यवस्था को संचालित करने वाला कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतिबिंब भी है।
संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के मूल आधार हैं। यह हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। संविधान में निहित मूल्यों को अपने निर्णयों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रत्येक पहलू में शामिल करना, विधि के शासन को सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक नागरिक के प्रति निष्पक्षता, संवेदनशीलता और समान व्यवहार बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़ें:  शिमला में मेहनताना आधार पर दोबारा नियुक्त होंगे रिटायर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी

Latest Articles

Explore More