नाहन : जिला सिरमौर पहली बार राष्ट्रीय स्तर की मुक्केबाजी प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। इंडियन स्पोर्ट्स लीग ऑल इंडिया नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का पहला संस्करण 28 जून से 3 जुलाई तक नाहन के चंबा मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। प्रतियोगिता की मेजबानी सिरमौर को मिलने से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
बुधवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में गुरु हनुमान स्पोर्ट्स समिति के संस्थापक एवं निदेशक सोमवीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन गुरु हनुमान स्पोर्ट्स समिति राजस्थान के तत्वाधान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छह दिनों तक नाहन राष्ट्रीय मुक्केबाजी गतिविधियों का केंद्र बना रहेगा और देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली मुक्केबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड सहित कई राज्यों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और ओपन वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, खेल विशेषज्ञ, इंडियन स्पोर्ट्स लीग के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सोमवीर सिंह ने कहा कि सिरमौर को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना जिले के खेल इतिहास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय मुकाबले देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिले की पहचान राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुक्केबाजी के विकास के लिए एक समर्पित बॉक्सिंग अकादमी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस विषय को सरकार और खेल विभाग के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। यदि प्रदेश में बॉक्सिंग अकादमी स्थापित करने का निर्णय लिया जाता है तो उनकी प्राथमिकता रहेगी कि इसकी शुरुआत जिला सिरमौर से हो, ताकि यहां के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि मुक्केबाजी को खेल कोटा व्यवस्था में शामिल किए जाने से खिलाड़ियों के लिए नए अवसर खुले हैं। इससे युवाओं का रुझान खेलों की ओर बढ़ेगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
खेल जानकारों के अनुसार यह प्रतियोगिता सिरमौर के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हो सकती है। जिले में पहले भी मुक्केबाजी प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर इतने बड़े आयोजन की मेजबानी पहली बार मिल रही है। ऐसे में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय युवाओं में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इस मौके पर पत्रकार वार्ता में समिति की चेयरपर्सन अंजु गरेवाल, सदस्य रोनित सोलंकी और सदस्य मेजर खट्टक भी उपस्थित रहे।
