संगड़ाह : जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह के लानाचेता में छह सितंबर से लापता चार वर्षीय आर्या के परिवार ने सोलन जिला के कठनी स्थित 11 मुखी हनुमान जी मंदिर के बाबा रघुवंशी के दावों पर सवाल उठाए हैं।
परिवार का आरोप है कि बच्ची के लापता होने के बाद बाबा ने सोशल मीडिया पर आर्या के जिंदा और बेहोश होने का दावा किया, जिसके बाद परिजन उनकी बात पर भरोसा कर कठनी पहुंचे। अब बाबा द्वारा नाखून पर आर्या को जंगल में दिखाने का दावा किया जा रहा है।
आर्या के माता-पिता, बहन, ताया और ताई का कहना है कि चार वर्षीय बच्ची के लापता होने के बाद परिवार पहले ही गहरे सदमे में है। ऐसे समय में सोशल मीडिया पर बच्ची के जिंदा होने के दावे से उन्हें उम्मीद बंधी और वे बाबा तक पहुंचे। परिवार के अनुसार, बाद में किए जा रहे अलग-अलग दावों से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
परिजनों ने कहा कि यदि बाबा के पास आर्या के बारे में कोई वास्तविक और विश्वसनीय जानकारी थी, तो उसे सीधे पुलिस और प्रशासन के साथ साझा किया जाना चाहिए था। परिवार ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि बच्ची के लापता होने जैसे संवेदनशील मामले में किए जा रहे ऐसे दावों की तथ्यात्मक जांच की जाए। यदि दावे भ्रामक पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बता दें कि आर्या की तलाश लगातार जारी है। दो सौ से अधिक ग्रामीण भी अब तक खोज अभियान में शामिल हो चुके हैं, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है।
परिवार का आरोप है कि आपदा की इस घड़ी में सोशल मीडिया पर बच्ची को लेकर किए जा रहे दावों से उन्हें राहत मिलने के बजाय मानसिक परेशानी बढ़ रही है। परिजनों ने प्रशासन से ऐसे दावों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
