नाहन : आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी की शुक्रवार शाम नाहन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मृतक की पहचान हरभजन सिंह (67) पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी पांवटा साहिब के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 13 वर्षों से हत्या के मामले में सजा काट रहा था।
जानकारी के अनुसार कैदी गले के कैंसर से पीड़ित था और उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था। दो-तीन दिन पहले ही उसे उपचार के लिए पीजीआई ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने कीमोथेरेपी की सलाह दी थी।
शुक्रवार की सुबह कैदी को दांत निकालने के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज ले लाया गया था। दांत निकालने के बाद उसे वापस जेल पहुंचाया गया, लेकिन जेल पहुंचने के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से खून आने लगा।
जेल प्रशासन ने तुरंत उसे दोबारा नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और शव को मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित रखा गया है।
जेल अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी गंभीर बीमारी से ग्रस्त था और उसका उपचार चल रहा था। उन्होंने कहा कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगामी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।



