नाहन : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) नाहन में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय कार्यशाला में डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं को आधुनिक शिक्षण तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चली इस कार्यशाला में टीचिंग एट राइट लेवल (TaRL) और CAMaL (कमाल) (Combined Activities for Maximized Learning) पद्धति पर फोकस किया गया, ताकि प्रशिक्षु बच्चों के बुनियादी पढ़ने, लिखने और गणितीय कौशल को उनकी क्षमता के अनुसार बेहतर बना सकें।
शिक्षण अभ्यास प्रभारी डॉ. आई.डी. राही ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षण अभ्यास से पूर्व छात्रों को नई तकनीकों से प्रशिक्षित किया गया है, जिससे वे कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों के लिए लर्निंग कैंप संचालित कर सकें और प्रारंभिक दो घंटों के दौरान उनके अधिगम स्तर को मजबूत कर सकें।
यह कार्यशाला राज्य परियोजना निदेशक, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) द्वारा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित की गई।
इस संस्था से जिला सिरमौर के समन्वयक बबली पुंडीर, रशिमा बरोत्रा, सूरत सिंह, विक्रम ठाकुर और रमन मेहता ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में कार्य किया। कार्यशाला का समापन शिक्षा उप निदेशक स्कूल शिक्षा प्रारम्भिक एवं प्रधानाचार्य डाइट राजीव ठाकुर द्वारा किया गया।
उन्होंने छात्रों को निर्देश दिए कि वे ईमानदारी से इस कार्यशाला में सीखी गई गतिविधियों को विद्यालय में छात्रों के साथ साझा करें और उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार करें।
