कांगड़ा : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांगड़ा के गुप्त गंगा पहुंचे हैं, जहां वह तीन राज्यों के कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं।
अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पार्टी नेताओं के साथ रणनीतिक चर्चा करेंगे। साथ ही संगठन को मजबूती को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेंगे।
गगल एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी पीले रंग की टीशर्ट पहने दिखे। इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्षों सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ नेतृत्व, मंत्री और विधायक भी मौजूद हैं।
राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें संगठनात्मक मजबूती के साथ आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों की रणनीति पर व्यापक मंथन होगा। हिमाचल कांग्रेस के लिए यह बैठक चुनावी तैयारियों को धार देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कांगड़ा में करीब 4 घंटे तक कार्यक्रम और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद वह दिल्ली लौटेंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांगड़ा जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
