नाहन : नगर पालिका परिषद नाहन चुनाव के लिए वीरवार को कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी 13 प्रत्याशियों के नामांकन एक साथ दाखिल करवाकर चुनावी मुकाबले को तेज कर दिया।
विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में हुए नामांकन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नाहन अध्यक्ष ज्ञान चंद चौधरी भी मौजूद रहे। बता दें कि भाजपा ने अभी अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। इस बीच कांग्रेस ने पूरे दमखम के साथ सभी वार्डों में अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं।
कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 1 से कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, वार्ड नंबर 2 से नरेंद्र तोमर, वार्ड नंबर 3 से उपमा धीमान, वार्ड नंबर 4 से श्रद्धा शर्मा, वार्ड नंबर 5 से समीना, वार्ड नंबर 6 से योगेश गुप्ता, वार्ड नंबर 7 से राकेश गर्ग, वार्ड नंबर 8 से वीरेंद्र कुमार पासी, वार्ड नंबर 9 से कुसुम तोमर, वार्ड नंबर 10 से एडवोकेट वसीम, वार्ड नंबर 11 से हरप्रीत कौर, वार्ड नंबर 12 से राकेश कुमार और वार्ड नंबर 13 से सर्वजीत कौर ने नामांकन दाखिल किया।
हालांकि, कांग्रेस ने इस चुनाव में अधिकतर पुराने चेहरों पर भरोसा जताया है। इन्हीं चेहरों के दम पर नगर परिषद नाहन पर कब्जा करने की कोशिश करेगी।
इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा समर्थित नगर परिषद शहर में अपेक्षित विकास कार्य नहीं करवा पाई, जिससे लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी नगर परिषद में कांग्रेस की जीत होने पर नाहन शहर में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।
पांवटा साहिब में भाजपा के 9 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव के लिए वीरवार को भाजपा के 9 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र धवन ने बताया कि शेष चार प्रत्याशी 2 मई को नामांकन करेंगे। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में पूर्व नगर परिषद द्वारा किए गए कार्यों के आधार पर भाजपा एक बार फिर पांवटा साहिब नगर परिषद में जीत दर्ज करेगी।
