पांवटा साहिब : जिला सिरनमौर के पुलिस थाना पांवटा साहिब के तहत एक फैक्ट्री कर्मचारी पर रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजेश कुमार (53) पुत्र रूप चंद निवासी गांव किशनपुरा, डाकघर खिजराबाद, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह लिबर्टी शूज लिमिटेड, सतीवाला में पासिंग लाइन में कार्यरत है। कंपनी से छुट्टी होने के बाद गत दिन वह रजिंद्र कुमार के साथ बाइक पर बैठकर अपने घर किशनपुरा जा रहा था।
शिकायत के अनुसार जब वे बहराल से थोड़ा आगे लालढांग सड़क के पास पहुंचे तो पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि चारों ने डंडों से हमला कर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी दोनों टांगों, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
राजेश कुमार ने आशंका जताई कि कंपनी में किसी व्यक्ति के साथ रंजिश के चलते उस पर हमला कराया गया हो सकता है। उसने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और हेलमेट पहन रखे थे। वहीं, मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट पर भी टेप लगी हुई थी, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में थाना पांवटा साहिब में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी साधनों की मदद ली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
