सराहां : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में कथित रूप से जाली कृषक प्रमाण-पत्र के आधार पर कृषि भूमि खरीदने के आरोप में एक महिला के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पच्छाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्र दत्त पुत्र हुकम दत्त निवासी गांव व डाकघर सराहां, तहसील पच्छाद ने पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-49D, निवासी एक महिला ने (वर्तमान पता गांव पोहघाट, पच्छाद) ने कथित रूप से जाली कृषक प्रमाण-पत्र प्राप्त कर उसका दुरुपयोग करते हुए अवैध तरीके से कृषि भूमि खरीदी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान भूमि संबंधी नियमों का उल्लंघन किया गया और उन्हें तथा स्थानीय निवासियों को धमकाकर भयभीत करने का भी प्रयास किया गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
