नाहन : हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विवाह सहायता योजना के तहत सिरमौर जिला में पंजीकृत कामगार परिवारों को आर्थिक संबल मिल रहा है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक जिले के 103 पात्र कामगारों को योजना का लाभ दिया जा चुका है। इन लाभार्थियों को कुल 52 लाख 53 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
योजना के तहत पात्र कामगारों को स्वयं के विवाह के साथ-साथ अधिकतम दो बच्चों के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य कामगार परिवारों पर विवाह के दौरान पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना और उन्हें सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
जिला सिरमौर के नाहन मंडल की ग्राम पंचायत बनेठी निवासी बाबू राम ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी के विवाह के लिए श्रम कल्याण बोर्ड की ओर से 51 हजार रुपये की सहायता मिली। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग बेटी की शादी के खर्च में किया गया, जिससे परिवार को आर्थिक रूप से काफी राहत मिली। बाबू राम ने सहायता के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।
इसी तरह नाहन तहसील की ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा निवासी टीका राम शर्मा को भी बेटी के विवाह के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि सहायता राशि से विवाह के खर्च का बोझ कुछ कम हुआ। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और श्रम कल्याण बोर्ड का आभार जताया।
प्रदेश सरकार की ओर से कामगारों के कल्याण और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा के लिए भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विवाह सहायता योजना भी इन्हीं योजनाओं में शामिल है, जिसके माध्यम से पात्र कामगार परिवारों को जरूरत के समय आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
सिरमौर में योजना के तहत अब तक मिली सहायता से लाभान्वित परिवारों का कहना है कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मिलने वाली यह आर्थिक मदद उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इससे कामगार परिवारों को खर्च का बोझ कम करने में सहायता मिल रही है।
