सराहां : जिला सिरमौर के उपमंडल सराहां में बुधवार को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का भव्य आगाज हुआ। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा ने भगवान श्री वामन देव की पूजा-अर्चना के बाद मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने भगवान वामन देव की पालकी को कंधा देकर मंदिर से खंड विकास अधिकारी कार्यालय और नए बस स्टैंड तक निकली भव्य शोभायात्रा में हिस्सा लिया। शोभायात्रा में हजारों स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक वाद्य दल और होमगार्ड जवान भी शामिल हुए।
शोभायात्रा के बाद भगवान वामन देव की पालकी को सराहां के तालाब में नौका विहार करवाया गया। इस दौरान मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। एडीएम एकता काप्टा ने मेले के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सराहां का वामन द्वादशी मेला सिरमौर के प्रमुख मेलों में अपनी अलग पहचान रखता है। दशकों से इस मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक मेले में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी, वहीं विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।
उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनियों का शुभारंभ एवं अवलोकन किया। चेस प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। एडीएम का स्वागत एसडीएम पच्छाद एवं राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेला कमेटी की सदस्य सचिव डॉ. प्रियंका चंद्रा ने किया। उन्होंने एडीएम को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मेले में पच्छाद विधायक रीना कश्यप, जिला परिषद सिरमौर के उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, बीडीसी पच्छाद अध्यक्ष प्रकाश भाटिया, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी, नायब तहसीलदार रहीश अहमद, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, कांग्रेस नेत्री ऊषा तोमर, कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा सहित व्यापार मंडल सराहां, विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
