होमHimachalSirmaurकार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने से नाहन नगर परिषद हुई...

कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने से नाहन नगर परिषद हुई निष्क्रिय, कई विकास कार्य अटके, जनता में नाराजगी

नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने से शहर के विभिन्न विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है।

नाहन : नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने से शहर के विभिन्न विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया है। नई नगर परिषद के गठन के बाद दो जनरल हाउस हो चुके हैं और इनमें शहर के विकास के साथ साथ विभिन्न वार्डों से जुड़े कई कार्यों के प्रस्ताव भी रखे गए, लेकिन अधिकारी की गैरमौजूदगी में इन कार्यों को गति नहीं मिल पा रही।

टूटी गलियों और सड़कों की मरम्मत से लेकर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या तक का समाधान अटकने से पार्षदों को भी अपने-अपने वार्ड में लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। यही नहीं कई लोग अपने कामकाज और दस्तावेजों की दुरुस्ती को लेकर नगर परिषद पहुंच रहे हैं, लेकिन ईओ साहब के सीट पर न बैठे होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यकारी अधिकारी के लंबी छुट्टी पर जाने की शहर में भी खासी चर्चा है। इससे भी बड़ी हैरानी इस बात की है कि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के छुट्टी चले जाने के बाद इस बड़ी जिम्मेवारी को लेने को तैयार कोई नहीं है। ऐसे में नगर परिषद के विकास से जुड़े फैसलों और कामों को आगे बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। जानकारी मिली है कि कार्यकारी अधिकारी 4 अक्टूबर तक छुट्टी पर हैं। हालांकि, उन्हें 25 सितंबर को छुट्टी से लौटना था, लेकिन किसी वजह से छुट्टियां आगे बढ़ा दीं।

ये भी पढ़ें:  कालाअंब में ‘गणपति बप्पा मोरया’ से गूंजा एल्जेन फार्मा, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों के बीच गणपति स्थापना

वार्डों में विकास कार्यों को लेकर बढ़ रही परेशानी
नगर परिषद के दो जनरल हाउस में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की जरूरतों से जुड़े विकास कार्यों को लेकर प्रस्ताव रखे थे। इनमें सड़क, गलियों और अन्य जरूरी सुविधाओं से संबंधित काम शामिल हैं, लेकिन अधिकारी की गैरमौजूदगी के कारण इन प्रस्तावों पर अपेक्षित गति से काम नहीं हो पा रहा।

वहीं, शहर के कई हिस्सों में सड़कें और गलियां खराब हालत में हैं। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसी कई समस्याओं को लेकर लोग पार्षदों से जवाब मांग रहे हैं, लेकिन परिषद स्तर पर काम आगे न बढ़ने से पार्षद भी असहज स्थिति में हैं।

ये भी पढ़ें:  धौलाकुआं अनाज मंडी पर बिंदल के आरोपों को सोलंकी ने बताया भ्रम की राजनीति, बोले- किसानों की फसल खरीद नहीं होगी प्रभावित

अधिकारी की गैरमौजूदगी का ये असर
कार्यकारी अधिकारी के बिना नगर परिषद के विकास कार्यों से जुड़ी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। जो काम शुरू हो चुके हैं, उनकी भी रफ्तार पर असर पड़ा है। लंबे समय से ठेकेदारों को पेमेंट नहीं हो पाने के कारण कई कामों के आगे बढ़ने में भी दिक्कत आ रही है। शहर के विकास के साथ कई अन्य ऐसे कार्य भी हैं, जो लोगों के व्यक्तिगत हैं। रोजाना ऐसे कामों पर ज्यादा असर पड़ रहा है। लोग नगर परिषद के चक्कर काटते थक चुके हैं, जहां से जवाब यही मिल रहा है कि ईओ साहब छुट्टी पर हैं।

अब सवाल यह उठ रहा है कि अधिकारी के छुट्टी पर जाने से नगर परिषद का कामकाज सुचारु रखने के लिए स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही, ताकि कार्यों को गति दी जा सके।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर : चोरों ने भगवान का मंदिर भी नहीं छोड़ा, उड़ा ले गए कलश

नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी छुट्टी पर गए हैं। उन्होंने माना कि लंबी छुट्टी पर जाने के कारण विकासात्मक कार्यों पर असर पड़ना लाजमी है। इसे लेकर उन्होंने स्थानीय विधायक अजय सोलंकी को भी अवगत करवाया है।

उधर, विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि समस्या का जल्द उचित समाधान किया जाएगा। वहीं, कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि वह अस्वस्थ चल रहे हैं। इसके चलते वह छुट्टी पर गए हैं। इससे ज्यादा वह किसी भी तरह की कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More