HomeHimachalSirmaurसंगड़ाह में खनन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी;...

संगड़ाह में खनन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी; बनाई ये समिति, NGT जाने की तैयारी

प्रसिद्ध पर्यावरणविद किंकरी देवी के क्षेत्र संगड़ाह में कथित अवैध और अवैज्ञानिक खनन के खिलाफ लोगों ने मोर्चा खोल दिया है।

संगड़ाह : प्रसिद्ध पर्यावरणविद किंकरी देवी के क्षेत्र संगड़ाह में कथित अवैध और अवैज्ञानिक खनन के खिलाफ लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह संगड़ाह में वसुंधरा संरक्षण समिति की बैठक हुई, जिसमें क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से करीब 60 लोग और भूतपूर्व सैनिक संगठन संगड़ाह के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में खनन गतिविधियों से पर्यावरण, जलस्रोतों, कृषि भूमि और सड़क व्यवस्था पर पड़ रहे कथित प्रभाव को लेकर रोष जताया गया।

बैठक में लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पिछले करीब 48 वर्षों से खनन गतिविधियां चल रही हैं, लेकिन इनके तरीके पर्यावरण की दृष्टि से उचित नहीं हैं। लोगों के अनुसार खनन के कारण आसपास के जंगल प्रभावित हो रहे हैं और पशुओं के लिए चारे की समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने क्षेत्र के कई जलस्रोतों के सूखने का दावा भी किया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: उचित मूल्य की दुकानों पर बढ़ेगी निगरानी, उपायुक्त ने दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश
भूस्खलन से मलबे में दबे वाहन।

लोगों ने आरोप लगाया कि खदानों में भारी ब्लास्टिंग के साथ करीब 100 फीट तक गहरे गड्ढे बनाए जा रहे हैं, जिससे पहाड़ खोखले हो रहे हैं। खनन से निकलने वाले मलबे और सिल्ट के कारण बोरली, रेडली, लगनू, पाउरा, संगड़ाह और सीयूं क्षेत्र की सिंचित भूमि प्रभावित होने का आरोप लगाया गया।

बैठक में संगड़ाह-नाहन सड़क की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। लोगों का कहना था कि बारिश के दौरान खनन क्षेत्र से मलबा सड़क तक पहुंचने के कारण मार्ग बाधित होता है और वाहनों को नुकसान का खतरा बना रहता है। वहीं, ओवरलोडिंग के कारण सड़क हादसों की आशंका भी जताई गई।

ये भी पढ़ें:  नाहन कालेज में वाई-ब्रेक योग सत्र, आयुष विभाग के सहयोग से NSS इकाई ने किया आयोजन

लोगों ने कहा कि क्षेत्र और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में खनन के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान करते हुए सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी गई। साथ ही मामले को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के समक्ष ले जाने की बात भी कही गई।

बैठक में वसुंधरा संरक्षण समिति की नई कार्यकारिणी का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया। रणजीत चौहान को अध्यक्ष, रणदीप शर्मा को उपाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह कंठ को महासचिव, कपिल ठाकुर को सचिव और चेतन शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। रामलाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, परेश कुमार, लायक राम और अनिल कुमार को सलाहकार एवं सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। योगेंद्र कपिला और संजय कुमार को मीडिया प्रभारी चुना गया।

ये भी पढ़ें:  यहां आंगनबाड़ी के 9 पदों पर होगी भर्ती, 3 अगस्त तक करें आवेदन; 6 अगस्त को होंगे इंटरव्यू

इस अवसर पर कपिल मोहन ठाकुर, जयपाल चौहान, विजेंद्र शर्मा, जगदीश भारद्वाज, विजय आजाद समेत करीब 60 लोग मौजूद रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More