नाहन : सेन की सैर पंचायत में बंद पड़े संपर्क मार्गों को बहाल करने और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम प्रगति पर है। क्षेत्र में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए विधायक अजय सोलंकी ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए। विभाग ने मौके पर मशीन (बैकहो लोडर) भेजकर सड़कों को चाक चौबंद करने का कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पंचायत के युवाओं ने सड़क की समस्या को लेकर विधायक अजय सोलंकी से मुलाकात की थी। लोगों ने पंचायत में मलबे से बंद पड़े संपर्क मार्गों की स्थिति से अवगत करवाते हुए इन्हें जल्द बहाल करने की मांग रखी। विधायक ने लोगों की समस्या को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक के निर्देशों के बाद विभाग ने मशीन मौके पर भेजी और बंद पड़े सड़क मार्ग को खोलने का काम शुरू किया। पंचायत में अन्य संपर्क मार्गों को भी दुरुस्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों और आवाजाही संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
सेन की सैर पंचायत के जड़जा, सैन की सेर सेरटा, थलप आदि में बरसात के कारण अवरुद्ध हुए संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। कई वार्डों में सड़कें बहाल कर दी गई हैं, जबकि शेष मार्गों पर काम जारी है।
बरसात के दौरान भारी मलबा आने से पंचायत के विभिन्न संपर्क मार्ग जगह-जगह बाधित हो गए थे। हालांकि, इन सड़कों पर ग्रामीणों की आवाजाही जारी रही, लेकिन मलबे के कारण रास्तों पर परेशानी बनी हुई थी। अब लोक निर्माण विभाग के माध्यम से मशीन लगाकर सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो।
मशीन की मदद से गलाहां-तालों सेरटा सड़क को दुरुस्त करने का काम पूरा कर लिया गया है। वहीं, थली और शिल्लड़ सड़क मार्गों पर मरम्मत कार्य प्रगति पर है। पंचायत के अन्य संपर्क मार्गों से भी मलबा हटाने और उन्हें दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।
सड़कों की बहाली के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिली है। ग्रामीणों ने संपर्क मार्गों की बहाली के लिए विधायक अजय सोलंकी का आभार व्यक्त किया।

