नाहन : जिला सिरमौर की नाहन पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए महज 48 घंटे के भीतर नाहन से चोरी हुई स्कूटी को हरियाणा के अंबाला से बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को धर दबोचा है।
पुलिस के अनुसार पुलिस थाना सदर नाहन की पुलिस चौकी गुन्नूघाट में 27 जुलाई को नया बाजार निवासी अजय सिंगला (58) ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 25 जुलाई की रात उनकी दुकान ‘सिंगला सेल्फ स्टोर’ के बाहर खड़ी स्कूटी (एचपी-18सी-5734) चोरी हो गई। शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात व्यक्ति को स्कूटी चोरी कर ले जाते हुए देखा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चोरीशुदा स्कूटी की तलाश के लिए अन्वेषण अधिकारी रणबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और कांस्टेबल चमन लाल की विशेष टीम को हरियाणा के अंबाला भेजा गया।
अंबाला रेलवे स्टेशन और जीआरपी क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक बाल अपचारी को काबू कर लिया। उसकी निशानदेही पर अंबाला रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर आगे अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
