पच्छाद में पेयजल योजना के पंप उड़ा ले गए अज्ञात शातिर, गांव में गहराया पानी का संकट, ग्रामीणों में खौफ

ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि गत रविवार को जब वह अपनी जमीन में स्थित पंप हाउस की ओर गए, तो उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और बिजली की केबल कटी हुई थी। अंदर जांच करने पर दोनों पंप गायब मिले और पंपों में लगे नट-बोल्ट भी मौके पर नहीं थे।

0

सराहां : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की नारग पंचायत के खंघोग गांव में स्वजल धारा उठाऊ पेयजल योजना को चोरों ने निशाना बनाया है। यहां पंप हाउस का ताला तोड़कर एक ही रात में दो पंप चोरी कर लिए गए, जिससे गांव के 20 परिवारों की पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ा है। इस मामले की शिकायत पुलिस थाना पच्छाद में दर्ज करवाई गई है। पुलिस को दी शिकायत में ग्रामीण सतेंद्र सिंह, विनोद कुमार, जबर सिंह, दीपेंद्र सिंह, अरुण कुमार, भूपेंद्र सिंह, किशन सिंह और अरविंद ने बताया कि गत रविवार को जब वह अपनी जमीन में स्थित पंप हाउस की ओर गए, तो उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और बिजली की केबल कटी हुई थी। अंदर जांच करने पर दोनों पंप गायब मिले और पंपों में लगे नट-बोल्ट भी मौके पर नहीं थे।

ये भी पढ़ें:  दुकान की आड़ में चल रहा था ये अवैध धंधा, पुलिस ने दी दबिश, पकड़ा गया

ग्रामीणों के अनुसार यह चोरी चार या पांच दिन पहले हुई हो सकती है, क्योंकि बारिश के कारण इन दिनों पंप कम ही चलाया जा रहा था और ग्रामीण स्थानीय बावड़ी का पानी पी रहे हैं। सतेंद्र सिंह ने पंप चोरी की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। इसी दौरान पता चला कि स्थानीय ग्रामीण अरविंद कुमार का पंप भी चोरी कर लिया गया। इस तरह एक ही रात में कुल तीन पंप गायब हुए। इसके साथ ही मोटरों की तारें भी चोर अपने साथ ले गए। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि क्षेत्र में पंप चोरी करने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में बर्फबारी-बारिश से आम जनजीवन अस्तव्यस्त, 500 से ज्यादा सड़कें बंद, 10 हजार ट्रांसफार्मर ठप

खंघोग स्वजल धारा उठाऊ पेयजल योजना से गांव के लगभग 20 परिवारों को पीने का पानी सप्लाई किया जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ये योजना कई साल पुरानी है, जो ग्रामीणों की प्यास बुझा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने पुलिस चौकी नारग में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पच्छाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:  मोबाइल पर आया मैसेज, एक करोड़ का इंतजाम कर लो, वरना जान से जाओगे...