HomeHimachalSirmaurविक्रमबाग के मंढेरवा पुल को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, नाहन में...

विक्रमबाग के मंढेरवा पुल को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, नाहन में अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरने के साथ नारेबाजी

नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड की विक्रमबाग पंचायत के मंढेरवा गांव में निर्माणाधीन पुल का काम लटकने से खफा ग्रामीणों ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला. इस दौरान ग्रामीणों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं नाहन के पूर्व विधायक डा. राजीव बिंदल के नेतृत्व में विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की. धरना प्रदर्शन में महिला, बुजुर्ग व बच्चे भी शामिल रहे.

धरने पर बैठे ग्रामीणों का प्रदर्शन तब तक खत्म नहीं हुआ, जब तक अधीक्षण अभियंता कार्यालय से बाहर आकर ग्रामीणों से नहीं मिले. करीब एक घंटे तक नारेबाजी के बाद अधीक्षण अभियंता ई. अरविंद शर्मा और नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता ई. आलोक जनवेजा ग्रामीणों से मिलने पहुंचे. इस दौरान राजीव बिंदल सहित ग्रामीणों ने पुल निर्माण को लेकर तीखे सवाल भी दागे. प्रदर्शनकारी एक महिला ने तो अधिकारियों से यहां तक कह दिया कि बरसात के मौसम में यदि गांव में किसी की मौत हो जाए, तो पुल के अभाव में 2-2 दिन अंतिम संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ता है.

ये भी पढ़ें:  राज्यस्तरीय पेंचक सिलात चैंपियनशिप में सिरमौर ने 20 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर जमाई अपनी धाक, इनके दमदार प्रदर्शन ने जीता दिल

हालांकि, अधिकारी बजट मिलते ही पुल का काम पूरा करने को लेकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लोग इस बात पर अड़े रहे कि पुल का काम कब तक पूरा होगा, इसका समय निर्धारित कर दें, तभी वह अपना धरना प्रदर्शन खत्म करेंगे. इस पर अधीक्षण अभियंता ई. अरविंद शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर यानी 20 मई तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा. तब जाकर ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि मंढेरवा गांव में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत 18 करोड़ से निर्मित हो रहे पुल का 10 प्रतिशत निर्माण कार्य अभी तक पूरा न होने से लोगों में रोष है. यह काफी खेदजनक है कि कांग्रेस की सरकार बनने के ढाई वर्ष के बाद भी आज तक 10 प्रतिशत बचा कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है. बिंदल ने मांग करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग आगामी बरसात से पहले इस पुल का 100 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण करें, ताकि ग्रामीणों को इस पुल से लाभ मिल सके.

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में 9 ग्राम स्मैक और 14000 की नगदी के साथ महिला गिरफ्तार
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More