HomeHimachalSirmaurसिक्कों से तुलवाकर जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार...

सिक्कों से तुलवाकर जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार : रावत

भाजपा जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में रेणुकाजी के विधायक और पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि अपने आपको सिक्कों में तुलवाकर वह रेणुका की भोली-भाली जनता को आखिर क्या संदेश देना चाहते हैं।

नाहन :  भाजपा जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में रेणुकाजी के विधायक और पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि अपने आपको सिक्कों में तुलवाकर वह रेणुका की भोली-भाली जनता को आखिर क्या संदेश देना चाहते हैं। रावत ने कहा कि पंचायत अलग करना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश में 412 नई पंचायतों का गठन किया था, लेकिन उन्होंने कभी भी खुद को सिक्कों में नहीं तुलवाया, जबकि उस समय वह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे।

रावत ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अब चौथे साल में प्रवेश कर चुकी है, लेकिन रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में विकास के पहिये पूरी तरह से थम गए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि रेणुका की जनता जानना चाहती है कि तीन साल के कार्यकाल में ऐसा कौन सा विकास कार्य हुआ है, जिसके लिए जनता उन्हें सिक्कों में तोले। उनका कहना था कि अब तक रेणुकाजी में कोई भी बड़ा सरकारी संस्थान नहीं खुल पाया है, जबकि सरकार बनते ही पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा खोले गए दर्जनों सरकारी संस्थानों को बंद जरूर कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:  यूरोप में ग्रेपलिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सिरमौर के ये शारीरिक शिक्षक

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि रेणुकाजी क्षेत्र में सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हरिपुरधार के समीप सड़क की खराब स्थिति के कारण एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसके अलावा हरिपुरधार में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर न होने के कारण 14 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।

रावत ने कहा कि हरिपुरधार मेले के दौरान बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे विनय कुमार ने वहां सिविल अस्पताल खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने मेले में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि मेले के बाद होने वाली पहली कैबिनेट बैठक में हरिपुरधार सिविल अस्पताल की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और इसके लिए उनकी मुख्यमंत्री से बात भी हो चुकी है।

ये भी पढ़ें:  CM सुक्खू बोले, हंगामा छोड़ सत्र के दौरान जनता के मुद्दे उठाए विपक्ष

रावत ने कहा कि इस बात की गवाही रेणुकाजी की पूरी जनता दे सकती है, लेकिन अब तक यह घोषणा पूरी नहीं हो पाई है।उन्होंने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष को झूठी वाहवाही लूटने की बजाय जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More