HomeHimachalSirmaurमंडलाहां गांव में पहली बार पहुंची सरकारी बस, कैमरों में कैद हुआ...

मंडलाहां गांव में पहली बार पहुंची सरकारी बस, कैमरों में कैद हुआ ऐतिहासिक पल, सोलंकी ने दी ये बड़ी सौगात

जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र की नेहली धीड़ा पंचायत के मंडलाहां गांव में पहली बार सरकारी बस पहुंचने से शुक्रवार को ग्रामीणों का वर्षों का सपना साकार हो गया। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने 3 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित रूट पर स्वयं बस में सफर कर इस सेवा की शुरुआत की।

नाहन : जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र की नेहली धीड़ा पंचायत के मंडलाहां गांव में पहली बार सरकारी बस पहुंचने से शुक्रवार को ग्रामीणों का वर्षों का सपना साकार हो गया। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने 3 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित रूट पर स्वयं बस में सफर कर इस सेवा की शुरुआत की। बस के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। खासकर महिलाओं में खासा उत्साह दिखा और वे इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करती नजर आईं।

मंडलाहां गांव में पहली बार बस पहुंचने पर सेल्फी लेतीं महिलाएं।
मंडलाहां गांव में पहली बार बस पहुंचने पर सेल्फी लेतीं महिलाएं।

दरअसल, यह अवसर जमटा-महीपुर मुख्य सड़क पर काटल से मंडलाहां तक करीब 70 लाख रुपये की लागत से बने 3 किलोमीटर लंबे लिंक रोड के उद्घाटन का था।

काटल-मंडलाहां सड़क का शुभारंभ करते विधायक अजय सोलंकी।
काटल-मंडलाहां सड़क का शुभारंभ करते विधायक अजय सोलंकी।

विधायक अजय सोलंकी ने विधिवत रूप से इस सड़क का शुभारंभ किया। साथ ही मंडलाह से डगजार तक बनने वाले ढाई किलोमीटर लंबे लिंक रोड का भी शिलान्यास किया, जिस पर 82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मंडलाहां तक बनी इस सड़क से सैकड़ों ग्रामीण लाभान्वित होंगे। इसके साथ साथ सड़क पर बस भी पास हो चुकी है और अब ग्रामीणों को नियमित बस सेवा का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह बस रोजाना शाम के समय मंडलाहां तक पहुंचेगी। इसके अलावा डगजार गांव को भी जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा।

ये भी पढ़ें:  राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव घुमारवीं में होगा कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक इनाम

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मंडलाह से खडग चाकली तक करीब 7 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 12.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इसके टेंडर लगाए जाएंगे। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्की बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र की हजारों आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास की कोई सीमा नहीं होती।

विधायक अजय सोलंकी के स्वागत में खड़ीं महिलाएं।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता और विकास की नई मिसाल कायम कर रही है। मुख्यमंत्री के विजन के चलते ही जमीनी स्तर पर काम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता को उसका सीधा लाभ मिल रहा है। इस सरकार में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है, जो आज तक पिछली सरकारें भी नहीं कर सकी। किसानों के हितों को देखते हुए ऐतिहासिक फैसले सुक्खू सरकार ने लिए हैं।

ये भी पढ़ें:  नए साल में हिमफैड ने किसानों को दी ये बड़ी राहत, कृषि उत्पादों की कीमतों में...

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में सड़कों के निर्माण में ऐतिहासिक काम किया है। जिन सड़कों के लिए लोग 30-40 साल से इंतजार कर रहे थे, आज उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है। सोलंकी ने कहा कि वह अनावश्यक आलोचना के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन जब बार-बार भ्रामक बयान दिए जाते हैं तो सच्चाई सामने लाना जरूरी हो जाता है।

डगजार सड़क का शिलान्यास करते विधायक अजय सोलंकी।

सोलंकी ने कहा कि भाजपा के नेता आज जिस अंदाज में बयान दे रहे हैं, वह केवल राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के नाम पर जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन जमीन पर कुछ भी नजर नहीं आया। सोलंकी ने कहा कि भाजपा के दावे केवल कागजों और मंचों तक सीमित रहे। हकीकत यह है कि उन फैसलों का खामियाजा आज भी प्रदेश की जनता भुगत रही है। कांग्रेस सरकार को अब उन बिगड़ी व्यवस्थाओं को सुधारने में अपनी ऊर्जा लगानी पड़ रही है, जिन्हें पूर्व सरकार ने नजरअंदाज किया।

ये भी पढ़ें:  नववर्ष पर श्री रेणुकाजी तीर्थ में हवन यज्ञ, श्रद्धालुओं का लगा तांता

इस मौके पर एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, तहसीलदार उपेंद्र चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आलोक जनवेजा, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग देवानंद पुंडीर, एसडीओ प्रदीप ठाकुर, एसडीओ दलीप चौहान, आरओ प्रेम कंवर, हिमफैड के अध्यक्ष राजीव ठाकुर, संजय पुंडीर, सुमित ठाकुर समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और नेहली धीड़ा पंचायत के कई मौजिज लोग मौजूद रहे।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More