होमHimachalसिरमौर: पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई पत्नी... पहले...

सिरमौर: पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई पत्नी… पहले अपने हाथों से पानी पिलाया, फिर चंद मिनटों बाद खुद भी त्याग दिए प्राण

जिंदगी भर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले पति-पत्नी की विदाई भी ऐसी होगी, यह किसी ने नहीं सोचा था।

संगड़ाह : जिंदगी भर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले पति-पत्नी की विदाई भी ऐसी होगी, यह किसी ने नहीं सोचा था। जिस जीवनसाथी के साथ दशकों तक घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं, उसी के दुनिया से चले जाने की खबर ने पत्नी को ऐसा सदमा दिया कि कुछ ही वक्त भीतर उसने भी प्राण त्याग दिए।

ये घटना जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के लगनू गांव की है, जहां मांगा राम (78) उर्फ छोटू और उनकी पत्नी हरदेवी (70) की मौत से हर आंख नम है। रविवार शाम हुई इस घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सोमवार को गिरि नदी के तट पर दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग पहुंचे।

पति की मौत से पहले पिलाया पानी
मांगा राम पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। रविवार शाम बीमारी के चलते अचानक ही उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी हरदेवी पूरी तरह स्वस्थ थीं और दिनभर घर के सामान्य कामकाज में लगी रहीं। परिवार के लिए यह किसी आम दिन की तरह ही था, लेकिन शाम होते-होते सब कुछ बदल गया।

जैसे ही हरदेवी को पति के अचेत होने की सूचना मिली, वह दौड़ी-दौड़ी उनके पास पहुंचीं। उन्होंने अपने हाथों से पति को पानी भी पिलाया। उस समय उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस जीवनसाथी के साथ उन्होंने जीवन का लंबा सफर तय किया, वह अब उनके बीच नहीं रहेगा।

ये भी पढ़ें:  पेसापालो वर्ल्ड कप 2026: सिरमौर के प्रकाश ठाकुर सिडनी में संभालेंगे भारतीय टीम की कप्तानी, हिमाचल के लिए गर्व का पल

मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने जब उन्हें बताया कि मांगा राम अब इस दुनिया में नहीं रहे, तो वह इस दुखद खबर को सहन नहीं कर सकीं। कुछ ही देर बाद जब वह शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर निकलीं, तो उन्हें चक्कर आया और उनकी भी मौके पर मौत हो गई। पति की मौत के चंद मिनटों के भीतर पत्नी के भी दम तोड़ देने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

किसान परिवार, मेहनत और साथ से बीता जीवन
मांगा राम और हरदेवी किसान परिवार से संबंध रखते थे। ग्रामीण परिवेश में परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए दोनों ने जीवन का लंबा सफर साथ तय किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी हरदेवी घर के सामान्य कामकाज में सक्रिय थीं, जबकि मांगा राम पिछले कुछ समय से बीमारी से जूझ रहे थे।

परिवार और गांव के लोगों के लिए दोनों का इस तरह बिछुड़ना गहरा आघात है। जिस घर में वर्षों से दोनों की मौजूदगी जीवन का हिस्सा रही, वहां कुछ ही मिनटों के भीतर दो लोगों की मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया।

ये भी पढ़ें:  नेहर स्वार वार्ड से क्षमा नंद शर्मा की शानदार जीत, 433 वोटों के अंतर से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीते

एक साथ उठीं अर्थियां, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
सोमवार को गिरि नदी के तट पर मांगा राम और हरदेवी का अंतिम संस्कार किया गया। दोनों की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने नम आंखों से दंपती को अंतिम विदाई दी।

मांगा राम और हरदेवी अपने पीछे दो बेटों सहित पोते-पोतियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह क्षति ऐसी है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। एक ही दिन में माता-पिता दोनों को खोने का दुख परिजनों के लिए जीवनभर की कसक बन गया है।

गांव में हर जुबान पर एक ही चर्चा
इस घटना के बाद लगनू गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी का एक साथ दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है। जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले इस दंपती की अंतिम विदाई ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया।

कुछ रिश्ते शब्दों से नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में निभाए गए साथ से पहचाने जाते हैं। मांगा राम और हरदेवी की कहानी भी ऐसे ही साथ की याद दिलाती है। रविवार शाम तक जिस घर में परिवार की दिनचर्या चल रही थी, वहां कुछ ही मिनटों में ऐसा सन्नाटा छा गया, जिसे भरने में परिवार को लंबा वक्त लगेगा।

ये भी पढ़ें:  विजिलेंस ने रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा तकनीकी सहायक, किया गिरफ्तार

संगड़ाह ग्रामीण पंचायत के प्रधान तपेंद्र राणा ने बताया कि रविवार सांय मांगा राम उर्फ छोटू ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद उनकी पत्नी हरदेवी भी दुनिया छोड़ चली। उन्होंने बताया कि मांगा राम गत सप्ताह से बीमार थे, लेकिन उनकी पत्नी पूरी तरह स्वस्थ थीं। सोमवार को एक साथ गांव के शमशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

उन्होंने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान मांगा राम को संगड़ाह में भाजपा के चुनाव कार्यालय की देखरेख के लिए बतौर कार्यालय सहप्रभारी तैनात किया गया था। कुछ दिन पहले स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने मजाक-मजाक में अपने मरने पर खबर छापने की बात भी कही थी। बहरहाल, पति-पत्नी का एक ही दिन में दुनिया से जाना क्षेत्र में चर्चा में है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More