सराहां : पुलिस थाना पच्छाद के तहत सराहां क्षेत्र में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार निवासी बनाड, डाकघर गागल शिकोर, तहसील पच्छाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राकेश गौतम निवासी काहन, डाकघर बनाह की सैर ने शिकायत दर्ज करवाई कि सराहां की ओर से एक कार नंबर HP16AA-4413 आई और सड़क पर रुक गई। चालक ने इंडिकेटर देकर कार को धीरे-धीरे मोड़ना शुरू किया।
कार लगभग पूरी तरह मुड़ चुकी थी, इसी दौरान सराहां की ओर से ही तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल नंबर HR03Z-0823 कार के ड्राइवर साइड के अगले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर के बाद मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिर गया। हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे और कार नितेश नेहरू नामक युवक चला रहा था। हादसे में बाइक चालक राजेश कुमार की मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों तथा हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।