बद्दी/मोहाली : आईईसी यूनिवर्सिटी (IEC University) के कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग और टीपीओ सेल (TPO Cell) की ओर से मोहाली स्थित नामी आईटी कंपनी ‘एवापटेक सॉल्यूशंस’ (Avaptech Solutions) का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण (Industrial Visit) आयोजित किया गया।
इस विजिट का मुख्य उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर आईटी इंडस्ट्री के व्यावहारिक ज्ञान और वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू कराना था।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अशोक पुरी और रजिस्ट्रार डॉ. प्रह्लाद ने इंडस्ट्रियल विजिट पर जाने वाले छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक समझ ही इंडस्ट्री में सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।
इस औद्योगिक भ्रमण में कंप्यूटर साइंस के स्नातक (Undergraduate) और स्नातकोत्तर (Postgraduate) स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
भ्रमण के दौरान कंपनी के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट लाइफ साइकिल (SDLC), एजाइल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, क्वालिटी एश्योरेंस और सॉफ्टवेयर डिप्लॉयमेंट की बारीकियों से अवगत कराया।
इसके साथ ही क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, फुल-स्टैक डेवलपमेंट, डेवऑप्स (DevOps) और साइबर सिक्योरिटी जैसे महत्वपूर्ण व आधुनिक विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
विद्यार्थियों को कंपनी में चल रहे प्रोजेक्ट्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी दिखाया गया, जिससे उन्हें वास्तविक वर्किंग एनवायरमेंट और प्रोसेस को समझने का सीधा अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में विद्यार्थियों ने कंपनी के सॉफ्टवेयर इंजीनियरों, प्रोजेक्ट मैनेजरों और एचआर विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया।
इस प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से छात्रों ने आईटी सेक्टर में उभरती करियर की संभावनाओं, इंडस्ट्री की मांग के अनुसार आवश्यक तकनीकी कौशल और रोजगार के अवसरों से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण का मुख्य ध्येय थ्योरी और प्रैक्टिकल के बीच के अंतर को समाप्त करना है। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को न केवल इंडस्ट्री की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप खुद को ढालने का अवसर मिलता है, बल्कि वे भविष्य की वैश्विक चुनौतियों और रोजगार के अवसरों के लिए पूरी तरह तैयार होते हैं।
