कालाअंब : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शनिवार देर रात बेकाबू ट्रक ने करीब एक किलोमीटर के अंतराल में दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुरदीप कुमार (38) पुत्र राम ईश्वर निवासी गांव सांडा डम्बर, डाकघर मोतीपुर अंचल, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) और ज्ञान सिंह (44) पुत्र बलदीव सिंह निवासी गांव सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा, निवासी कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक हिमाचल की सीमा पार कर हरियाणा की तरफ निकल गया, जिसे कालाअंब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से असगरपुर क्षेत्र से पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर HR 58B-0167 शनिवार देर रात खैरी से कालाअंब की ओर आ रहा था। रुचिरा पेपर मिल के समीप ट्रक ने सुरदीप कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सुरदीप कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले थे और वर्तमान में कालाअंब में रह रहे थे।
इसके बाद यही ट्रक करीब एक किलोमीटर आगे सब्जी मंडी के पास पहुंचा, जहां उसने ज्ञान सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ज्ञान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। ज्ञान सिंह कांगड़ा जिले के रहने वाले थे।
ट्रक यहीं नहीं रुका और हिमाचल की सीमा पार कर हरियाणा की तरफ निकल गया। कालाअंब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए चालक को कालाअंब से करीब तीन किलोमीटर दूर असगरपुर क्षेत्र में पकड़ लिया। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने रविवार को ट्रक चालक की चिकित्सकीय जांच करवाई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि हादसे के समय चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर मौत हुई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कालाअंब थाना में मामला दर्ज कर हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।