परवाणू : जिला सोलन के परवाणू में 9.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़े गए युवक को छुड़ाने की कोशिश करना तीन लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचकर दबाव बनाने और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने पर दो महिलाओं सहित तीन लोगों को पुलिस ने तुरंत काबू कर गिरफ्तार कर लिया, जिससे मौके पर बड़ा बवाल टल गया।
मामला 27 मार्च 2026 का है, जब पुलिस टीम कामली पुल के समीप नियमित गश्त और यातायात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टिपरा की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को शक के आधार पर रोका गया। जांच के दौरान उसके कब्जे से 9.28 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अक्षय कुमार (21) पुत्र संजीव निवासी गांव कालर, डाकखाना भद्रवाड़, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी के रूप में हुई।
पुलिस टीम मौके पर कानूनी कार्रवाई कर ही रही थी कि अचानक दो महिलाओं सहित तीन लोग वहां पहुंच गए। तीनों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालते हुए आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की और दबाव बनाने लगे। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए तीनों को भी मौके पर ही पकड़ लिया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि इनकी पहचान अबुलेश (33) पुत्र गिरिराज उर्फ अब्बू शाह, निवासी गांव डंगयार समीप शीतला माता मंदिर, परवाणू, निशा उर्फ निशा शेख (28) पुत्री गिरिराज उर्फ अब्बू शाह और फिज्जा (32) पुत्री गिरिराज उर्फ अब्बू शाह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और अक्षय कुमार को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अबुलेश के खिलाफ पहले से तीन और निशा के खिलाफ दो मामले चिट्टा/हेरोइन तस्करी से जुड़े दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस नशा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों, आपूर्ति स्रोत और वितरण तंत्र का पता लगाया जा सके।



