HomeHimachalव्यवस्था परिवर्तन : PWD रेस्ट हाउसों की ऑनलाइन बुकिंग से बढ़ा सरकार...

व्यवस्था परिवर्तन : PWD रेस्ट हाउसों की ऑनलाइन बुकिंग से बढ़ा सरकार का राजस्व

पहले विश्राम गृहों की बुकिंग केवल ऑफलाइन होती थी, लेकिन जून 2025 से सभी विश्राम गृहों की बुकिंग ऑनलाइन कर दी गई। इससे न केवल पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है, बल्कि राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है।

शिमला : प्रदेश की जनता की सुविधा के लिए सरकार ने लोक निर्माण विभाग के सभी विश्राम गृहों की बुकिंग को न केवल ऑनलाइन माध्यम द्वारा सुनिश्चित किया है, बल्कि यह भी तय किया है कि कमरों की बुकिंग के साथ-साथ कमरा नंबर भी तुरंत लोगों को उनके मोबाइल या ई-मेल पर उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि पहले आम जनता के लिए लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृहों की बुकिंग आसानी से नहीं प्राप्त होती थी। वर्तमान सरकार ने यह निर्णय लिया कि सभी विश्राम गृहों की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी, ताकि आम जनता इस सुविधा से लाभान्वित हो सके।

पहले विश्राम गृहों की बुकिंग केवल ऑफलाइन होती थी, लेकिन जून 2025 से सभी विश्राम गृहों की बुकिंग ऑनलाइन कर दी गई। इससे न केवल पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है, बल्कि राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है।

ये भी पढ़ें:  HPTDC ने पहली बार रिकॉर्ड 100 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर किया अर्जित : सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम ‘‘व्यवस्था परिवर्तन’’ की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में सभी छोटे और बड़े कार्यालय डिजीटल हों, ताकि लोगों को घर-द्वार पर ही सभी सुविधाएं मिल सकें।

लोक निर्माण विभाग के सचिव अभिषेक जैन ने बताया कि जून, 2025 से 10 अक्टूबर तक विश्राम गृहों की ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से 2 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसी दौरान प्रदेश प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा था।

उन्होंने कहा कि अब बुकिंग ‘‘पहले आओ, पहले पाओ’’ के आधार पर हो रही है और तुरंत इसकी पुष्टि की जाती है। इस वर्ष जून माह से अब तक प्रतिदिन 276 विश्राम गृहों और 1000 से अधिक कमरों की बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हुई है।

ये भी पढ़ें:  राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए जारी होंगे 10 करोड़ रुपयेः मुख्यमंत्री

बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत अग्रिम राशि ली जाती है, जिसके तहत हिमाचली नागरिकों के लिए 250 रुपये और गैर-हिमाचली के लिए 500 रुपये अग्रिम भुगतान का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से विश्राम गृहों की बुकिंग में इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर विश्राम गृह के कमरे पहले औसतन 62 प्रतिशत तक भरे रहते थे और यह प्रतिशतता अब ऑनलाइन सुविधा शुरू होने से 85 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है।

इसी प्रकार तारा देवी विश्राम गृह की बुकिंग औसतन 30 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत, धर्मशाला विश्राम गृह की बुकिंग औसतन 50 प्रतिशत से बढ़कर 75 प्रतिशत और घुमारवीं विश्राम गृह की बुकिंग औसतन 30 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गई है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में नेपाली मजदूर की बेरहमी से हत्या, पब्बर नदी में इस हालत में मिला शव

अभिषेक जैन ने बताया कि वे स्वयं विश्राम गृहों का दौरा कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इनका सही तरीके से रख-रखाव हो और आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन भी नियमित रूप से उपलब्ध हो।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More