69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज, देशभर की 30 टीमें दिखाएंगी दम

इस मौके पर नगर व ग्राम नियोजन,  तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का झंडा फहराया और देशभर से भाग लेने पहुंची 30 टीमों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने इस अवसर पर छात्रा खिलाड़ियों को खेल शपथ भी दिलाई

0

घुमारवीं : 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की अंडर-19 (छात्रा) हैंडबॉल प्रतियोगिता का आज घुमारवीं स्थित पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में भव्य आगाज हुआ। नगर व ग्राम नियोजन,  तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का झंडा फहराया और देशभर से भाग लेने पहुंची 30 टीमों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने इस अवसर पर छात्रा खिलाड़ियों को खेल शपथ भी दिलाई और इस 5 दिवसीय राष्ट्रीय हैंडबाॅल प्रतियोगिता के शुभारंभ की विधिवत घोषणा भी की।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में घुमारवीं में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो पाया है, जो इस क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 10 वर्षों के अंतराल के बाद राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का पुनः आयोजन हुआ है, जिनमें घुमारवीं में अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता का यह तीसरा आयोजन है। इससे पूर्व ऐसे दो आयोजन जिला सिरमौर के पांवटा साहिब और जिला सोलन के नालागढ़ में सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के नौहराधार में भीषण अग्निकांड में 6 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

उन्होंने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्रा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब देश की बेटियां सशक्त और मजबूत होंगी, तभी हमारा देश प्रगति के शिखर पर पहुंचेगा। महिला सशक्तिकरण को सुदृढ़ किए बिना एक मजबूत राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने व्यावहारिक तौर पर एक ऐसे समाज निर्माण पर भी जोर दिया जिसमें बेटा-बेटी कोई भेदभाव न हो और बेटियों को समाज के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के भरपूर अवसर उपलब्ध हों।

इस अवसर पर उन्होंने हैंडबॉल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच स्नेह लता का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश की अनेक बच्चियों का जीवन खेलों के माध्यम से बदला है। वह अब तक लगभग 200 से अधिक छात्रा एवं महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर चुकी हैं तथा लगभग 80 खिलाड़ियों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से ब्रांड हिमाचल को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। मेहमान खिलाड़ियों को प्रदेश की समृद्ध लोक कला, संस्कृति एवं खान-पान से भी रूबरू करवाया जा रहा है, ताकि वह हिमाचल प्रदेश की मधुर स्मृतियों को अपने साथ संजोकर जाएं।

ये भी पढ़ें:  नाहन में सड़कों पर उतरी ABVP, "सरकार" के खिलाफ नारेबाजी, पुतला भी फूंका

इससे पहले खेल आयोजन समिति की ओर से संतोष चौहान ने बताया कि देशभर के 30 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न शैक्षणिक संगठनों की 30 टीमों के लगभग 400 छात्रा खिलाड़ी और 85 टीम आफिशियल भाग ले रहे हैं। इसमें आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, सीबीएसई, सीबीएसई वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, सीआईएससीई, डीएवी काॅलेज प्रबंधन समिति, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, आईपीएससी, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नवोदय विद्यालय समिति, ओडीशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, विद्या भारती, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश की टीमें भाग ले रही हैं।

इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, पदम श्री हरिमन शर्मा, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, महिला आयोग सदस्य रीना पुंडीर, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, हिमुडा सदस्य जितेंद्र चंदेल, तृप्ता ठाकुर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजना धीमान, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा जे.सी. नेगी, गौरव शर्मा, प्रोमिला वसु, शालू रणौत, रीता सहगल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  पुनर्नियोजन के लिए 31 जनवरी तक आवेदन करें राजस्व सेवानिवृत्त अधिकारी व कर्मचारी: DC मुकेश रेपसवाल