शिमला : हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम के अचानक करवट लेने का पूर्वानुमान जारी किया है। गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका के बीच विभाग ने कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को प्रदेश के मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे उच्च पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना है। मौसम खराब रहने के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन जिलों में 3 जून को मौसम अधिकांशतः साफ रहने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 4 जून को इन जिलों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 जून से इन क्षेत्रों में मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है।
चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में मौसम का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। यहां 3 जून से 6 जून तक बारिश का दौर जारी रहने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इन जिलों में लगातार कई दिनों तक अंधड़ और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला और मंडी में 3 जून को कुछ स्थानों पर जबकि 4 और 5 जून को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। शिमला में 3, 4 और 5 जून को अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, सिरमौर जिले में 4 और 5 जून को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय जिलों में 3 से 6 जून के बीच कुछ स्थानों पर लगातार हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। विभाग का अनुमान है कि आगामी दो दिनों में बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
