ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के पंजोआ कलां में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सुबह करीब 4:30 बजे अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई जन शताब्दी एक्सप्रेस की टक्कर से महिला की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद शव करीब 100 मीटर तक घिसटता रहा और घटनास्थल पर शरीर के अवशेष बिखर गए।

जानकारी के अनुसार महिला रेलवे ट्रैक के साथ पैदल चल रही थी, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस चौकी ऊना से मुख्य आरक्षी मोहिंद्र पाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
महिला की पहचान के लिए स्थानीय पंचायत प्रधान को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई। महिला के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसके नाम और पते की पुष्टि हो सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है और महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकती है और भटकते हुए ट्रैक के किनारे पहुंच गई, जहां हादसा हो गया। मामले की जांच जारी है।



