ऊना : पुलिस थाना मैहतपुर के अंतर्गत रायपुर सहोड़ा में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया और विरोध करने पर उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संजीव कुमार निवासी वार्ड नंबर 9 रायपुर सहोड़ा ने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर से फोन पर बात करते हुए पशुओं के बाड़े की तरफ जा रहा था। इसी दौरान संतोषगढ़ की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग उसके पीछे आकर रुके।
शिकायत के अनुसार, मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति नीचे उतरा और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। संजीव कुमार ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ में गंभीर चोट आई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोबारा संतोषगढ़ की तरफ फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस टीम वीरवार को घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।