Home Himachal Una डिग्री कॉलेज ऊना में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिला स्तरीय आयोजन, नए...

डिग्री कॉलेज ऊना में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का जिला स्तरीय आयोजन, नए मतदाताओं को मिले पहचान पत्र

डीसी जतिन लाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करना है। इसके लिए हर नागरिक का जागरूक और सक्रिय मतदाता होना जरूरी है।

0

ऊना : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय ऊना में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी ऊना जतिन लाल ने की। कार्यक्रम में “माई इंडिया, माई वोट” थीम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की आत्मा प्रत्येक नागरिक के मत में निहित है और जागरूक मतदान से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था सशक्त बनती है।

डीसी जतिन लाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करना है। इसके लिए हर नागरिक का जागरूक और सक्रिय मतदाता होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और उनकी सहभागिता से ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलती है।

ये भी पढ़ें:  किसानों को सुविधा: मैहतपुर-बसदेहड़ा में अब शुक्रवार को भी पुराने स्थल पर लगेगी सब्जी मंडी

कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 11 नए पंजीकृत मतदाताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा वोटर पहचान पत्र वितरित किए गए। उन्होंने नए मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत हो सकता है जब मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने और लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने की शपथ भी दिलाई गई। डीसी ने कहा कि मतदान करते समय धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय या भाषा जैसे किसी भी प्रभाव से ऊपर उठकर केवल राष्ट्र और समाज के हित को ध्यान में रखना चाहिए, तभी विकसित और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।

ये भी पढ़ें:  ऊना में पशु मित्र भर्ती की शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल जारी, जानें आपके क्षेत्र में कब होगा टेस्ट

डीसी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ समाज को भी कमजोर करता है। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ खेलों और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की, ताकि स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बूथ लेवल ऑफिसर्स को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, गीत, संगीत और प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से “माई इंडिया, माई वोट” थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनके जरिए मतदान के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में नायब तहसीलदार (इलेक्शन) अजय शर्मा ने सभी अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों का आभार जताते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की, ताकि शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल कर लोकतंत्र को और मजबूत किया जा सके।

ये भी पढ़ें:  CM सुक्खू ने श्री राधाकृष्ण मंदिर में टेका माथा, बोले- गीता के कर्मयोग की भावना से जनसेवा में जुटी है सरकार

इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी अभिषेक मित्तल, कानूनगो (इलेक्शन) हरजीत सिंह, आनंदा, आकाश भारद्वाज, विशेष अतिथि विकास सैनी सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।