Home Himachal Una आधुनिक सुविधाओं से मजबूत हो रहा ऊना का हेल्थ सिस्टम, सुलभ व...

आधुनिक सुविधाओं से मजबूत हो रहा ऊना का हेल्थ सिस्टम, सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस

जिले में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से पीजीआई चंडीगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ओपीडी सुविधा प्रदान की जा रही है

0

ऊना : स्वस्थ समाज किसी भी प्रगतिशील राज्य की सबसे बड़ी पहचान होता है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल सरकार इसी सोच के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। चिकित्सा ढांचे के विस्तार, अत्याधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में कई नवोन्मेषी पहलें की गई हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव जिला ऊना में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जहां क्षेत्रीय अस्पताल से लेकर उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक व्यापक स्वास्थ्य नेटवर्क के माध्यम से लोगों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

ऊना के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि जिले में वर्तमान में एक क्षेत्रीय अस्पताल, पांच नागरिक अस्पताल, दस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तीन कर्मचारी राज्य बीमा औषद्यालय, 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 138 उप-स्वास्थ्य केंद्र लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। डॉ. वर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.(कर्नल) धनीराम शांडिल के प्रयासों से चिकित्सा के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 आईपीएस और 62 एचपीएस अधिकारियों के तबादले

ऊना जिले में क्षेत्रीय अस्पताल के अलावा अंब, चिंतपूर्णी, हरोली, गगरेट और बंगाणा में पांच नागरिक अस्पताल संचालित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त दुलैहड़, कुगड़त, भदसाली, बीटन, धुसाड़ा, बसदेहड़ा, संतोषगढ़, दौलतपुर चौक, थानाकलां और पंजावर में 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कार्यरत हैं। इसके साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 138 उप-स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। इसके अलावा टाहलीवाल, गगरेट और मेहतपुर में 3 कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से पीजीआई चंडीगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ओपीडी सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श स्थानीय स्तर पर ही मिल रहा है और उन्हें उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम पड़ रही है।

ये भी पढ़ें:  यहां पालकी नहीं, 'देवता रूप' में पुजारी पैदल चढ़ते हैं एक कोस की खड़ी चढ़ाई, चमत्कार से कम नहीं 'ग्यास उत्सव'

स्वच्छता और गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता और गुणवत्ता सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत कायाकल्प योजना के माध्यम से अस्पतालों में साफ-सफाई, हाइजीन और संक्रमण नियंत्रण को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हो सकें।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर फोकस : डीसी
डीसी जतिन लाल का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ऊना जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिले में स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और दूरदराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, गुणवत्ता सुधार व राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले का स्वास्थ्य ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है। हमारा प्रयास है कि लोगों को घरद्वार के समीप बेहतर व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।

ये भी पढ़ें:  आधी रात सड़कों पर उतरे एसपी सिरमौर, 100 से ज्यादा डंपरों की चेकिंग, 22 किए जब्त