होमNationalनौकरी छूटी तो 2 महीने बाद निकाल सकेंगे पूरा PF, खाते में...

नौकरी छूटी तो 2 महीने बाद निकाल सकेंगे पूरा PF, खाते में सिर्फ 10% रकम रखना होगा अनिवार्य, EPFO ने बदले नियम

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ निकासी के नियमों में बड़े बदलावों को मंजूरी दी है।

नई दिल्ली : नौकरी छूटने या अचानक आर्थिक जरूरत पड़ने पर अब कर्मचारियों को अपनी पीएफ की जमा पूंजी के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ निकासी के नियमों में बड़े बदलावों को मंजूरी दी है। नए फैसले के तहत पीएफ खाते में अनिवार्य न्यूनतम बैलेंस की सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है। इससे पात्र सदस्य जरूरत पड़ने पर अपनी जमा राशि का 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे।

नौकरी छूटने की स्थिति में अंतिम पीएफ सेटलमेंट के लिए बेरोजगारी की प्रतीक्षा अवधि भी 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दी गई है। यानी नौकरी जाने के बाद लगातार दो महीने तक बेरोजगार रहने पर कर्मचारी अपने पीएफ की अंतिम निकासी के लिए दावा कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें:  निजी स्कूलों की मनमानी पर सख्त हुआ शिक्षा विभाग! स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट रोका तो होगी बड़ी कार्रवाई

अक्टूबर 2025 में इस अवधि को दो महीने से बढ़ाकर 12 महीने किया गया था, जिसे अब फिर से घटा दिया गया है। हालांकि, पेंशन फंड की अंतिम निकासी के लिए निर्धारित 36 महीने की प्रतीक्षा अवधि में बदलाव नहीं किया गया है।

रिटायरमेंट के बाद किस्तों में निकाल सकेंगे पैसा
ईपीएफओ ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को भी मंजूरी दी है। इसके तहत 58 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को अपना पूरा पीएफ फंड एकमुश्त निकालना अनिवार्य नहीं होगा।

वे अपनी जमा राशि को ईपीएफओ के पास रखते हुए मासिक, तिमाही या छमाही आधार पर किस्तों में पैसा निकाल सकेंगे। खाते में बची हुई राशि पर ब्याज मिलता रहेगा।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर : हत्या के दोषी को उम्र कैद की सजा, पांवटा साहिब की अदालत ने सुनाया बड़ा फैसला

यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी। सदस्य अपनी जरूरत के अनुसार निकासी का विकल्प चुन सकेंगे। यदि किस्तों में पैसा मिलने के दौरान सदस्य की मृत्यु हो जाती है तो उसके नामित व्यक्ति या आश्रित को शेष राशि निकालने अथवा किस्तें जारी रखने का विकल्प मिलेगा।

ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड की 240वीं बैठक में 19 नवंबर को ये फैसले लिए गए। हालांकि, नए प्रावधानों को लागू करने के लिए श्रम मंत्रालय की मंजूरी के बाद ईपीएफ योजना में आवश्यक संशोधन अधिसूचित किए जाएंगे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More