होमHimachalSirmaurरेणु मंच से अग्निहोत्री का ऐलान, इसी सरकार के कार्यकाल में पूरा...

रेणु मंच से अग्निहोत्री का ऐलान, इसी सरकार के कार्यकाल में पूरा होगा ददाहू पुल का निर्माण; सिरमौर को मिलेंगी नई बसें

ददाहू पुल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस पुल पर डॉ. वाईएस परमार का नाम अंकित है, जो प्रदेश की ऐतिहासिक और राजनीतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।

श्री रेणुकाजी : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ददाहू पुल का निर्माण इसी सरकार के कार्यकाल में पूरा किया जाएगा।

इसके लिए आवश्यक अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार की विरासत से जुड़े इस महत्वपूर्ण पुल का जल्द निर्माण हो सके।

उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले में परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल्द नई डीजल बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारम्भ किया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि श्री रेणुकाजी बांध परियोजना का काम आगे बढ़ रहा है और अब क्षेत्र में टनल का निर्माण भी नजर आने लगा है।

ये भी पढ़ें:  नगर निकाय चुनाव: बिलासपुर में संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची जारी

इस परियोजना को धरातल पर लाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने निरंतर संघर्ष किया है। ददाहू पुल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस पुल पर डॉ. वाईएस परमार का नाम अंकित है, जो प्रदेश की ऐतिहासिक और राजनीतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।

उन्होंने उपायुक्त को पुल पर लगी पट्टिका को बेहतर ढंग से संरक्षित और व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर जिले को अब तक 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई हैं। इलेक्ट्रिक बसों की नई खेप आने पर जिले में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।

नाहन और पांवटा साहिब जैसे क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसें बेहतर विकल्प साबित होंगी। वहीं, रेणुकाजी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जरूरतों को देखते हुए यहां डीजल बसों की आवश्यकता है।

निगम नई डीजल बसें खरीदने जा रहा है, जब बसें आ जाएंगी तो इस क्षेत्र को अतिरिक्त बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

ये भी पढ़ें:  87 एनएसएस स्वयंसेवियों को मिले प्रमाणपत्र, 20880 घंटे के श्रमदान से पेश की समाज सेवा की मिसाल

उन्होंने कहा कि विधायक अजय सोलंकी सहित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और परिवहन सुविधाओं से जुड़े विषय उठाए हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धताओं का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया है और अपने वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 6,000 ऐसे बच्चे हैं, जिनके माता-पिता नहीं हैं। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत प्रदेश सरकार इन बच्चों की अभिभावक बनी है। सरकार ने उनकी शिक्षा से लेकर विवाह तक का खर्च उठाने का निर्णय लिया है, ताकि उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य मिल सके।

ये भी पढ़ें:  संगड़ाह ब्लॉक की 10 पंचायतें टीबी मुक्त; एक को गोल्ड, 3 को सिल्वर, शिलाई की मिल्लाह पंचायत को भी ब्रॉन्ज

इस अवसर पर विधायक श्री रेणुकाजी एवं श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार ने मेले का शुभारंभ करने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विधायक नाहन अजय सोलंकी ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्यातिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया और मेले के आयोजन तथा विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More