नई दिल्ली : वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। अब नई बीएस-6 निजी गाड़ियों के मालिकों को हर साल प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) बनवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
केंद्र सरकार ने पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव करते हुए 6 साल तक पुरानी बीएस-6 निजी गाड़ियों के लिए इसकी अवधि बढ़ाकर तीन साल कर दी है। नए नियम लागू होने के बाद वाहन मालिकों को बार-बार सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में 13 नवंबर को अधिसूचना जारी की थी। वीरवार को राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही नए नियम प्रभावी हो गए हैं।
ये बदलाव सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स, 2026 के तहत किए गए हैं। नए प्रावधानों में निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की अलग-अलग वैधता अवधि निर्धारित की गई है।
नए नियमों के मुताबिक, छह साल तक पुरानी बीएस-6 निजी गाड़ियों का पीयूसी सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा। वहीं, छह साल से अधिक और 10 साल तक पुरानी निजी गाड़ियों को हर साल सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यू कराने पर मिलेगी राहत
नए नियमों में सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की समय-सीमा को लेकर भी प्रावधान किया गया है। यदि मौजूदा पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता समाप्त होने से 10 दिन पहले तक रिन्यूअल कराया जाता है तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति तिथि से प्रभावी होगा।
वहीं, वैधता समाप्त होने के बाद रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट उसी दिन से लागू होगा, जिस दिन रिन्यूअल कराया जाएगा।
नियम लागू होने से पहले जारी किए गए पीयूसी पर नई वैधता अवधि पहली बार रिन्यूअल कराने के बाद लागू होगी।
गौरतलब है कि बीएस यानी भारत स्टेज उत्सर्जन मानक हैं। इनके माध्यम से वाहनों से निकलने वाले प्रदूषकों की अधिकतम सीमा तय की जाती है। हर नए उत्सर्जन मानक के साथ वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के नियम और सख्त किए जाते हैं।
- ये भी पढ़ें : नौकरी छूटी तो 2 महीने बाद निकाल सकेंगे पूरा PF, खाते में सिर्फ 10% रकम रखना होगा अनिवार्य, EPFO ने बदले नियम
- ये भी पढ़ें : दुनिया की 5 ऊंची चोटियां फतह कर रचा इतिहास, राष्ट्रपति से राष्ट्रीय सम्मान मिला, पर बलजीत कौर के मन में ये बड़ी कसक





